संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डबवाली रोड पर पानी भरने से टूटी करीब डेढ़ किलोमीटर की सड़क 20 से अधिक गांवों के लोगों व राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी है। एक माह से इस रोड का निर्माण कार्य अटका हुआ है। बारिश के दौरान गड्ढों में 1 से 2 फुट पानी जमा होने के कारण लोग हादसों का भी शिकार हो रहे हैं।
डबवाली से सिरसा को आने वाले मुख्य हाइवे पर एयरफोर्स स्टेशन के पास लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब डेढ़ किलोमीटर के रास्ते को दोबारा बनाने का कार्य एक माह पूर्व आरंभ किया गया था। निर्माण के लिए यह रोड तोड़ ताे दी है, लेकिन इसका अभी तक निर्माण नहीं हो पाया है। अब यह लोगों के लिए आफत बना हुआ है। इस रोड पर प्रतिदिन हरियाणा, राजस्थान व पंजाब के करीब 20 हजार वाहन सफर करते हैं। इसके अलावा इस रोड से जुड़े 20 से अधिक ग्रामीण भी प्रतिदिन दोपहिया व बड़े वाहनों से सिरसा से अपने गांव की ओर जाते हैं। बारिश होने के बाद तो यहां पर 1 से 2 फुट तक पानी जमा हो जाता है, जिससे आम जन के अलावा वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
डबवाली रोड का यह करीब डेढ़ किलोमीटर का रास्ता काफी खराब है। इससे कई बार हादसों का भय बना रहता है। बारिश के दिनों में पता नहीं चलता की सड़क में कितना पानी भरा है। कई बार दोपहिया वाहन बंद हो जाते हैं। - संदीप सिंह, मीरपुर
- रोड पर चलते समय हमेशा भय बना रहता है। रास्ता काफी उबड़-खाबड़ हो गया है। इस रास्ते पर दोपहिया वाहन चालक के लिए चलना काफी खतरनाक हो गया है। एक माह बीत जाने के बाद भी इसका निर्माण नहीं किया गया है।
सुखबीर सिंह, अहमदपुर
-डबवाली रोड पर हमेशा ट्रैफिक अधिक रहता है। सिरसा शहर से लोग खरीदारी करके अपने गांवों की ओर जाते हैं, सड़क का यह टूटा हुआ टुकड़ा काफी परेशानी देता है। बाइक पर डेढ़ किलोमीटर का सफर मात्र दो मिनट में पूरा हो जाता है, लेकिन इस टूटी सड़क की वजह से 15 से 20 मिनट लग जाते हैं। - जसबीर सिद्धू, मीरपुर
बारिश की वजह से यह काम रुका है। बारिश के दिनों में कार्य करने में दिक्कत आती है। जैसे ही मौसम साफ होगा, कार्य को पूरा कर दिया जाएगा। - विपिन मंगला, मैनेजर, नेशनल हाइवे ऑथोरिटी।