सिलिंडर के लिए भटकने को मजबूर पुलिसकर्मी, खाद्य आपूर्ति विभाग से लगा रहे गुहार
पुलिस विभाग ने थानों व चौकियों में की हुई है कर्मचारियों के लिए नियमित रूप से नाश्ता, लंच और डिनर की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला के पुलिस थानों और चौकियों में तैनात पुलिस कर्मचारियों को इन दिनों भोजन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि पर्याप्त राशन उपलब्ध होने के बावजूद खाना बनाने के लिए गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे पुलिस कर्मियों के सामने खाने का संकट खड़ा हो गया है।
यह समस्या खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से गैस सिलिंडर वितरण प्रणाली में किए गए बदलाव के बाद उत्पन्न हुई है। विभाग ने अब गैस एजेंसियों को ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ही सिलिंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते बिना कनेक्शन के सिलिंडर देने पर रोक लगा दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक जिले के कई पुलिस थानों और चौकियों में वर्षों से बिना गैस कनेक्शन कॉपी के ही सिलिंडर लेकर काम चलाया जा रहा था लेकिन नए नियम लागू होने के बाद एजेंसियां बिना वैध दस्तावेज के सिलिंडर देने से इन्कार कर रही हैं। इससे पुलिस विभाग की दैनिक व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
नियमित रूप से बनता है खाना
पुलिस लाइन, थानों और चौकियों में तैनात कर्मचारियों के लिए नियमित रूप से सुबह चाय, नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना लांगरी के माध्यम से तैयार किया जाता है लेकिन पिछले कुछ दिनों से गैस सिलिंडर की कमी के चलते यह व्यवस्था बाधित हो रही है। कई स्थानों पर तो चूल्हे ठंडे पड़ने की स्थिति बन गई है।
भाईचारे में करना पड़ रहा है सिलिंडर का इंतजाम
पुलिस कर्मियों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें आपसी सहयोग या भाईचारे के आधार पर इधर-उधर से सिलिंडर का इंतजाम करना पड़ रहा है ताकि किसी तरह भोजन बनाया जा सके। यह व्यवस्था अस्थायी है और लंबे समय तक इससे काम चलाना संभव नहीं है। समस्या के समाधान के लिए पुलिस कर्मचारी अब खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय पहुंचकर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने और नए कनेक्शन जारी करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस कर्मी चाहते हैं कि विभाग इस मामले में विशेष राहत प्रदान करे ताकि आवश्यक सेवाओं में लगे पुलिसकर्मियों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
प्रशासन से राहत की उम्मीद
पुलिस विभाग 24 घंटे कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटा रहता है। ऐसे में बुनियादी सुविधाओं की कमी न केवल उनके कामकाज को प्रभावित करती है बल्कि उनकी कार्यक्षमता पर भी असर डाल सकती है। पुलिस कर्मियों का कहना है कि उन्हें भरोसा है कि प्रशासन इस समस्या का समाधान जल्द करेगा ताकि पुलिस कर्मियों को राहत मिल सके।
कोट्स
मेरे संज्ञान में अब तक ऐसा कोई मामला नहीं आया है। मेस सुचारु रूप से चल रही हैं। कहीं कोई दिक्कत है तो उसे बारे में रिपोर्ट ले ली जाएगी।
-दीपक सहारन, एसपी सिरसा
कोट्स
इस मामले में संबंधित विभाग से जानकारी ली जाएगी। कहीं कोई दिक्कत है तो उसका समाधान किया जाएगा।
-शांतनु शर्मा, उपायुक्त सिरसा