साइबर क्राइम के लिए शिकायत दर्ज करवाने के लिए पीड़ितों को अब पुलिस थानों का चक्कर काटने की जरुरत नहीं है। साइबर क्राइम से पीड़ित व्यक्ति अब अपने घर बैठे ही मोबाइल या कंप्यूटर से अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है। सोशल मीडिया के जरिये आपराधिक वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ पीड़ितों को थानों में शिकायत दर्ज करवाने की जरूरत नहीं है।
रविवार को एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अब पीड़ित व्यक्ति साइबर अपराध घटित होने पर एनसीआरपी पोर्टल नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाए ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जा सकें । साइबर अपराध होने पर उक्त पोर्टल की साइट www.cyibercrime.gov.in पर जा कर शिकायत दर्ज करवा सकते है। कोई भी व्यक्ति पहचान प्रकट किए बिना या अपना नाम, राज्य और मोबाइल नंबर प्रदान करके रिपोर्ट दर्ज कर सकता है। शिकायतकर्ता इस विभाग के टोल फ्री नंबर 155260 के जरिए भी संपर्क कर सकते है। अगर कोई व्यक्ति इस पोर्टल की वेबसाइट पर जाकर झूठी रिपोर्ट दर्ज करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।