सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) में सोमवार को युवा कल्याण निदेशालय की ओर से एक भारत श्रेष्ठ भारत थीम पर आयोजित पांच दिवसीय 12वें त्रिवेणी युवा महोत्सव -2025 का शुभारंभ हुआ।
विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक झांकी और शोभायात्रा निकाली गई। इसमें विश्वविद्यालय एवं विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में प्रदेश की लोक संस्कृति और एकता का संदेश दिया। परिसर एक भारत श्रेष्ठ भारत की थीम से गूंज उठा। वहीं, पहले दिन हरियाणवी और पंजाबी नृत्य प्रस्तुत किया गया। वहीं, नाटक के माध्यम से भ्रूण हत्या व महिला सुरक्षा को जैसे मुद्दे उठाए गए।
युवा महोत्सव के दौरान हरियाणा, पंजाब व हरियाणा का संगम देखने को मिला। इस दौरान विद्यार्थियों ने हरियाणवी, राजस्थानी व पंजाबी वेशभूषा पहनकर प्रस्तुति दी। महोत्सव का उद्घाटन करते हुए हरियाणा के लोक निर्माण विभाग एवं जन स्वास्थ्य विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जेसी बोस यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. पवन मलिक, पूर्व चेयरमैन सतवीर वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह , कुल सचिव प्रो सुनील कुमार व अन्य विभागाध्यक्ष मौजूद रहें।
युवाओं को करना होगा बेहतर समाज का निर्माण
गंगवा ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। जब युवा अपने विचारों, ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाते है, तब समाज और देश नई ऊंचाइयों को छूता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना को सशक्त करते है। जीवन में शिक्षा का महत्व है परंतु उससे ज्यादा जरूरी है कि विद्यार्थियों के अंदर सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना विकसित की जाए। इस महान राष्ट्र में एक बेहतर समाज का निर्माण युवाओं को ही करना होगा।
कलाकार गजेंद्र फोगाट ने प्रस्तुति से बांधा समा
युवा महोत्सव के अवसर पर हरियाणवी संगीत जगत के मशहूर कलाकार गजेंद्र फोगाट ने अपने धमाकेदार गीतों और जोश से भरी प्रस्तुति से मंच पर समा बांध दिया। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। फोगाट ने अपना पहला गीत शहीद ए आजम भगत सिंह को याद करते हुए गाया इसके बाद एक के बाद एक अपने हिट गीतों की झड़ी लगाई। उपस्थित युवाओं ने इसका खूब आनंद उठाया।
शोभायात्रा में शाह सतनाम बॉयज कॉलेज
इस शोभायात्रा में प्रथम स्थान पर शाह सतनाम बॉयज कॉलेज, सिरसा रहा। वहीं दूसरे स्थान पर एमएम कॉलेज, फतेहाबाद व तीसरे स्थान पर यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट, सीडीएलयू रहा। इन सभी टीमों को मुख्य अतिथि हरियाणा के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, कुलपति प्रो. विजय कुमार, कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार, प्रो. पवन मालिक, डॉ. मंजू नेहरा ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित दिया।
इन मंचों पर आयोजित हुईं प्रतियोगिताएं
- मुख्य मंच (स्टेज - 1 ) पर कोरियोग्राफी और मिमिक्री प्रस्तुत किए गए।
- स्टेज-2 (ऑडिटोरियम) पर माइम की प्रतियोगिता हुई।
- स्टेज - 3 ( सेमिनार हॉल, सीवी. रमन भवन) में हिंदी वाद-विवाद का आयोजन किया गया।
- स्टेज - 4 ( यूआईटीडीसी बिल्डिंग) में क्ले मॉडलिंग (मिट्टी शिल्प) और मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।