सिरसा। जिले में रविवार अलसुबह हुई बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। जिन एरिया में पानी की कमी थी। उन एरिया में गेहूं की फसल पर पीला पन देखने को मिली रहा था। ऐसे में 6.4 एमएम बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। वहीं इतनी सी बारिश ने शहर की पानी निकासी की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।
बारिश के कारण शहर के मुख्य चौक चौराहों पर जलभराव देखने को मिला। हैरानी की बात है कि शहर की उन सभी जगहों पर पानी देखने को मिला, जहां हर वर्ष रहता है। प्रशासन पानी निकासी के बड़े बड़े दावे मानसून के समय करता है। ऐसे में बिन मानसून 6 एमएम बारिश में भी चौकों पर पानी भरा होना, जन स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों की लचर कार्यप्रणाली को दर्शाता है। जहां शहर के मुख्य चौकों पर पानी भर हुआ था। वहीं शहर की अंदरूनी गलियों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। जिसके कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन चौकों पर मिले हालात खराब
1 सुरखाब चौक
2 गोल डिग्गी
3 आंबेडकर चौक
4 रेलवे रोड
5 बस स्टैंड पुल के नजदीक
6 सांगवान चौक
7 डबवाली रोड
8 गत्ता फैक्ट्री से रंगड़ी रोड
9 परशुराम चौक
10 गोशाला रोड
11 सदर थाना रोड
क्यों नहीं बदलती है व्यवस्था
शहर में बारिश के पानी की निकासी को लेकर नगर परिषद की ओर से 38 करोड़ रुपये अमृत योजना के तहत खर्च किया गया है। जिससे शहर के मुख्य चौक चौराहों पर पानी निकासी की समस्या न रहे। लेकिन इस प्रोजेक्ट को कोई फायदा नजर नहीं आ रहा है। कम बारिश में भी सभी चौक पर पानी का भराव देखने को मिला।
बारिश से पड़ा तापमान पर असर
बारिश के बाद अधिकतम तापमान में जहां 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, वहीं न्यूनतम में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को जहां अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं रविवार को 19 डिग्री रहा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा, वहीं रविवार को 12 डिग्री दर्ज किया गया।
फसलों पर रहा अच्छा असर
बारिश ने फसलों के लिए सोने पर सुहागा का काम किया किया है। बारिश ने सरसों के साथ गेहूं की फसल में पानी की कमी पूरी कर दी है। अभी तक का जो मौसम रहा है, उससे उनमें अच्छी बढ़ोतरी रहने की संभावना है। बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है।