हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली के बीआर आंबेडकर कॉलेज की दीवार पर काले रंग से आपत्तिजनक नारे लिखने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने दो टीमें गठित कर दी है। इस मामले की सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रही है, जिसमें खालिस्तानी समर्थक गुरवंत पन्नू मामले की जानकारी दे रहा है और लोगों को सतर्क रहने की बात कह रहा है। वहीं, पुलिस अब गुरवंत पन्नू के संपर्क में रहने वाले लोगों की तलाश में जुटी है।
बुधवार को बीआर अंबेडकर कॉलेज की दीवार पर शरारती तत्वों की ओर से आपत्तिजनक नारे लिखकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने गुरवंत पन्नू व अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
गुरवंत पन्नू जो कि अब विदेश में रहता है। एसपी डॉ. अर्पित जैन ने मामले का संज्ञान लेते हुए साइबर सेल और सीआईए डबवाली की टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। पुलिस की टीमें लगातार मामले से जुड़े लोगों की धरपकड़ कर रही है।
कॉलेज की दीवारों पर आपत्तिजनक नारे लिखने वालों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। मामले के आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। इस मामले के कई अहम सुराग मिले हैं, जिसको लेकर कार्रवाई की जा रही है।
-डॉ. अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक, सिरसा।