कड़ाके की सर्दी और धुंध में चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देने में जुटे हैं। धुंध का फायदा उठाते हुए चोरों ने पुलिस सब इंस्पेक्टर के घर में ही सेंध लगा दी। चोर घर से जेवरात और हजारों की नकदी पर हाथ साफ करके चले गए। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। पूरा परिवार समारोह में शामिल होने कैथल गया हुआ था।
शहर की एमसी कॉलोनी निवासी राजकुमार पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर हैं। चार जनवरी की शाम वह अपने परिवार के साथ कैथल चले गए। पीछे से देर रात चोर दीवार फांदकर घर में घुस आए। चोरों ने कमरे के गेट का ताला तोड़ा और अंदर अलमारी में रखे जेवरात और 25 हजार की नकदी चुराई। पांच जनवरी को सुबह परिवार वापस सिरसा लौटा। घर के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी खुली हुई और उसमें से जेवरात और रुपये गायब थे। राजकुमार ने घटना की सूचना बस अड्डा चौकी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सारा मुआयना करने के बाद अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया। चोरीशुदा संपत्ति की कीमत एक लाख रुपये बताई गई है।
वहीं, शहर की अग्रवाल कॉलोनी से चोर गली में खड़ी कार को चुराकर ले गए। कार मालिक नवीन कुमार का कहना है कि वह खेतीबाड़ी करता है। दो जनवरी की रात को घनी धुंध थी। उसकी कार घर के समक्ष गली में खड़ी रहती है। देर रात घनी धुंध में चोर उसकी कार चुराकर ले गए। सीसीटीवी फुटेज देखने से पता चला कि धुंध में चोर सफेद कपड़े पहनकर गाड़ी में सवार होकर आए। एक चोर गाड़ी से उतरा और उसकी कार की खिड़की खोली और चलाकर ले गया। सर्द रात और धुंध में देर रात कोई गली में नहीं होता। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
हुडा चौकी पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा चोरों एक जनवरी की देर रात शहर के ई ब्लॉक स्थित फोटोस्टेट की दुकान को अपना निशाना बनाया डाला। चोर शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे और फोटोस्टेट मशीन, 12 मोबाइल, पांच मेमोरी कार्ड, छह हजार रुपये चुराकर चंपत हो गए। दुकान मालिक बिंद्र गोयल ने घटना की सूचना जेजे पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है।