तीन दिन पहले अलग-अलग जगहों से मिले मासूम बच्चों के शवों की शिनाख्त हो गई है। दोनों भाई-बहन थे। खुलासा हुआ है कि दोनों बच्चों के साथ उनकी मां भी भाखड़ा नहर में कूदी थी। मां का शव पंजाब के झनीर के नजदीक स्थित एक माइनर से बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार टोहाना (फतेहाबाद) के हनुमान नगर स्थित मसाला फैक्टरी में काम करने वाले बग्गा सिंह की पत्नी परमजीत कौर अपने बेटे जिगर तथा बेटी रहमत के साथ दो सितंबर को लापता हो गई थी। इस संबंध में परिजनों ने टोहाना पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिजन तीनों को ढूंढ रहे थे।
इसी दौरान पता चला कि डबवाली के गांव रिसालियाखेड़ा तथा कालांवाली के गांव दादू में दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं। जिन्होंने रेडीमेड कपड़े पहने हुए हैं। दोनों के हाथ में काले रंग का धागे बंधे हुए हैं। परिजन सिरसा के नागरिक अस्पताल में पहुंचे। शव की पहचान जिगर के रूप में की। जबकि डबवाली के शवगृह में शव की शिनाख्त चार वर्षीय बच्ची रहमत के रूप में की।
इसी दौरान झनीर (पंजाब) के निकट स्थित गांव फतेहपुर में एक नहर में महिला का शव मिलने की सूचना मिल गई। सूचना पाकर परिजन वहां पहुंचे तो पहचान परमजीत कौर के रूप में की। गांव सिंघपुरा चौकी प्रभारी कैलाश चंद्र ने बताया कि उपरोक्त महिला तथा बच्चों के बारे में टोहाना स्थित पुलिस थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज था।
मृतका के पिता सतबीर सिंह ने बताया कि उसका दामाद बग्गा सिंह नशा करता था। उसकी बेटी उसे ऐसा करने से रोकती थी। नशा करने के बाद बग्गा सिंह अपनी पत्नी को पीटता था इस बात को लेकर अक्सर दोनों में तनाव रहता था। पति की प्रताड़ना ने उसकी बेटी को अपने बच्चों के साथ भाखड़ा नहर में कूदने के लिए मजबूर किया। बुधवार को डबवाली तथा सिरसा के सरकारी अस्पतालों में शवों की शिनाख्त होने पर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शवों को उनके वारिसों के हवाले कर दिया।
इस मामले की फाइल अभी मुझे मिली है। तीनों शव अलग-अलग जगह से बरामद हुए हैं। महिला का शव पंजाब में मिला है। वहां पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। परिजनों के बयानों के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- अशोक कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस थाना, टोहाना