कंपनी से 51 लाख की ठगी करने के मामले में पुलिस ने अनाज मंडी स्थित भारत पेस्टीसाइड एंड सीड स्टोर के संचालक श्रवण सिंह को गिरफ्तार किया है। दो दिन के पुलिस रिमांड के बाद शनिवार को पुलिस ने उसे अदालत समक्ष पेश किया। जिसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार एडिशनल अनाज मंडी स्थित दुकान नंबर आठ भारत पेस्टीसाइड एंड सीड स्टोर के संचालक श्रवण सिंह ने मुंबई की कंपनी घरडा केमिकल लिमिटेड की सिरसा में अधिकृत विक्रेता के तौर पर एजेंसी ली। पुलिस के अनुसार कंपनी से 51 लाख का सामान लेकर उसने रुपयों का भुगतान नहीं किया। कंपनी के मैनेजर सुनील यादव ने श्रवण सिंह से कंपनी के रुपया लौटाने को कहा तो उसने साफ इंकार कर दिया। इसके बाद घरडा केमिकल लिमिटेड ने पुलिस थाने में श्रवण सिंह के खिलाफ शिकायत दी और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया। पुलिस ने श्रवण सिंह को गिरफ्तार करने के लिए उसके गांव भंगू में दबिश दी, लेकिन वे चकमा देने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपी की दुकान के आस-पास मुखबिरों का जाल बिछा दिया और इसी का फायदा पुलिस को मिला। मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली की श्रवण सिंह सिरसा आया हुआ है और पुलिस ने दसे दबोच लिया। उसे सीधा शहर थाने आया गया और बाद में पुलिस ने उसे अदालत समक्ष पेश कर दिया।