जोड़ों के दर्द से परेशान होकर एक महिला ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया। मृतका के पास से एक पत्र मिला है जिसमें लिखा है कि डॉक्टर ने सही उपचार नहीं करके उसके घुटने खराब कर दिए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में ले जाया गया है। मृतका कुछ समय पहले तक निजी स्कूल में अध्यापिका थी।
परिजनों के अनुसार अग्रसेन कॉलोनी निवासी सुभाष कुमार गांव कागदाना के राजकीय विद्यालय में मुख्य अध्यापक है। उसकी पत्नी सोमा रानी कुछ समय पहले तक एक निजी विद्यालय में पढ़ाती थी। सोमा रानी कई महीनों से जोड़ों के दर्द से परेशान थी। उसने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी डॉक्टर से अपना उपचार करवाना शुरू किया लेकिन कोई राहत नहीं मिली।
दर्द से परेशान सोमा ने शुक्रवार शाम को अधिक तनाव में आकर कमरे में अपने दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद परिवार वालों ने कमरे में जाकर देखा तो फंदे पर शव लटका देख शोर मचाया। सूचना मिलने पर कीर्ति नगर चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर शिव नारायण शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक पत्र मिला जिसमें लिखा है कि डॉक्टर ने उसके गोड्डे खराब कर दिए। जांच अधिकारी एसआई शिव नारायण शर्मा का कहना है कि मृतका के परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।