स्पेशल स्टाफ पुलिस ने वीरवार देर शाम को सुरखाव चौक के समीप एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो किलो 520 ग्राम अफीम बरामद की है जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। आरोपी माल झारखंड से लेकर आया था। पुलिस ने सप्लायर सहित तीन के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बरामद अफीम की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस प्रवक्ता सुरजीत सिंह सहारण ने यह जानकारी देते हुए बताया कि स्पेशल स्टाफ पुलिस के प्रभारी उप निरीक्षक सुरजीत सिंह और एएसआई सूबे सिंह वीरवार शाम को सुरखाव चौक पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक युवक जिसके हाथ में एक बैग था और उसके साथी ने पुलिस को देखकर खिसकने का प्रयास किया। शक होने पर उन्हें रुकने के लिए कहा। इस बीच एक युवक गली की ओर फरार हो गया जबकि दूसरे को बैग सहित दबोच लिया गया।
उन्होंने बताया कि डीएसपी मुख्यालय विजय कक्कड को सूचना दी गई जिन्होंने मौके पर आकर युवक से पूछताछ की और बैग की तलाशी में दो किलो 520 ग्राम अफीम बरामद की गई। युवक की पहचान राजदेव यादव निवासी गांव खातियां थाना ढोबी जिला गया बिहार के रूप में हुई। राजदेव ने पुलिस को बताया कि उसने यह अफीम 35 हजार रुपये किलो के भाव से झारखंड से खरीदी है, सिरसा में यह दो लाख रुपये किलो तक बिकती है। पुलिस ने राजदेव, उसके साथी और सप्लायर के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।