रिश्वत लेते पकड़ा निगम जिला प्रबंधक
- फोटो : Bureau
विकलांग को ऋण दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग करने वाले हरियाणा पिछड़े वर्ग आर्थिक कमजोर वर्ग निगम के जिला प्रबंधक राजकुमार को विजिलेंस ब्यूरो ने रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी प्रबंधक पांच हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। सिरसा विजिलेंस इंचार्ज जगजीत सिंह का कहना है कि रविवार दोपहर आरोपी निगम प्रबंधक को ड्यूटी मजिस्ट्रेट समक्ष पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार सिरसा निवासी कुलदीप नि:शक्त है। हरियाणा पिछड़े वर्ग व आर्थिक रूप से कमजोर होने के चलते वह भादरा बाजार की गली मोचियोवाली स्थिति निगम कार्यालय में गया। उसने 50 हजार रुपये का ऋण लेने के लिए कार्यालय में अपनी फाइल जमा करवाई। काफी दिनों से कुलदीप कार्यालय के चक्कर काटता रहा। आरोप है कि निगम के प्रबंधक राजकुमार ने 50 हजार का लोन पास करवाने की एवज में पांच हजार रुपये रिश्वत मांगी। कुलदीप ने इसकी शिकायत सिरसा विजिलेेंस इंस्पेक्टर से की। इंचार्ज जगजीत सिंह ने प्रशासन को इसकी सूचना दी।
इसके बाद बीडीपीओ सुनहरा सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। दोपहर दो बजे कुलदीप विजिलेंस द्वारा दिए गए 500-500 रुपये के नोट लेकर निगम कार्यालय पहुंचा और प्रबंधक को ये रुपये दिए। इसी दौरान विजिलेंस अधिकारी ने छापेमारी कर दी और प्रबंधक राज कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस इंचार्ज जगजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।