चौटाला पुलिस को गांव अबूबशहर रकबा में तेजाखेड़ा माइनर से एक महिला का शव मिला है। महिला की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। पुलिस ने केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव अबूबशहर के चौकीदार कृष्ण कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि काला तीतर के नजदीक भाखड़ा नहर से निकलने वाले तेजाखेड़ा माइनर में एक महिला का शव पड़ा है। चौटाला पुलिस के एएसआई रामपाल मौका पर पहुंचे। शव को बाहर निकाला गया।
महिला की गर्दन, कान कटा हुआ है। दाहिने हाथ की अंगुलियां भी कटी हुई हैं। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या की गई है। चौकीदार के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या करके शव खुर्दबुर्द करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पहचान के लिए डबवाली के सरकारी अस्पताल में बने शवगृह में रखा है। इसकी सूचना निकटवर्ती पंजाब तथा राजस्थान के थानों में दी गई है। पुलिस के अनुसार महिला करीब 40 साल की है। शव दो-तीन दिन पुराना है। उसके लाल रंग का सूट पहना हुआ है। संदेह है कि महिला पंजाबी क्षेत्र की रहने वाली है। चौबीस घंटों के भीतर भाखड़ा नहर से मिला यह दूसरा शव है।
रविवार शाम को सदर थाना पुलिस को गांव खुईयांमलकाना के नजदीक भाखड़ा नहर से एक पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक की उम्र करीब 42-43 वर्ष है। कदम करीब पांच फुट सात इंच है। चेहरा गोल है। दाहिनी आंख पर चोट का निशान है। पुरुष का शव नग्न अवस्था में मिला था। जांच कर रहे सदर थाना पुलिस के हवलदार कृष्ण गोपाल ने बताया कि सिरसा रोड पर सड़क का निर्माण हो रहा है। निर्माण कार्य के सुपरवाइजर शेर सिंह निवासी मोहम्मदपुर रोही (फतेहाबाद) ने नहर में शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी थी। शव को पहचान के लिए 72 घंटे के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
कड़ियां जोड़ रही पुलिस
तेजाखेड़ा माइनर भाखड़ा नहर से निकलती है। पुलिस को संदेह है कि दोनों शव पंजाब की ओर से बहकर आए हैं। ऐसे में पुलिस कड़ी जोड़ रही है। शवों की पहचान के लिए पंजाब के पटियाला, मूनक तथा हरियाणा के टोहाना सहित पुलिस स्टेशनों में इसकी सूचना दी गई है।