सिरसा शहर के हुडा सेक्टर 19 के पार्ट एक निवासी शिक्षक के क्रेडिट कार्ड से ठगों ने 5 ट्रांजेक्शन कर तीन लाख 56 हजार की राशि निकलवा ली। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत साइबर सेल और सिविल लाइन थाने में दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हुडा सेक्टर 19 पार्ट एक निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि वह एसबीएस कॉलेज में शिक्षक है। बीते दिन शाम साढ़े नौ बजे वह पार्क में टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान उसका फोन भी उसके पास था। फोन पर अचानक मैसेज आने शुरू हुए तो उसने फोन की जांच की।
उसके पास करीब पांच मेसेज एक साथ ही आ गए, जिसमें अलग-अलग राशि की निकासी हो चुकी थी। ऐसे में उसने मामले की जानकारी एसबीआई बैंक के कर्मचारियों को देकर क्रेडिट कार्ड को बंद करवा दिया और साइबर सेल को भी शिकायत दे दी।
पीड़ित ने बताया कि उसके खाते से 41,511 की तीन, एक लाख 24 हजार रुपये की एक और एक लाख 7 हजार रुपये की राशि क्रेडिट कार्ड से निकालने का मैसेज आया था। उन्होंने बताया कि सभी ट्रांजेक्शन यूएस डॉलर में हुई है। जबकि उसने किसी से भी क्रेडिट कार्ड की जानकारी साझा नहीं की थी। इसके बाद भी उनके क्रेडिट कार्ड से तीन लाख 56 हजार की राशि निकल गई। इस मामले की शिकायत साइबर सेल और सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
क्रेडिट कार्ड से ट्रांजेक्शन होने के मामले की शिकायत अभी नहीं आई है। शिकायत आने के बाद ही मामले की जांच की जाएगी।
- राज बाला, हुडा चौकी इंजार्च, सिरसा।