जिले में घनी धुंध ने जमकर कहर बरपाया। धुंध के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर नौ पर हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई।
वहीं हरियाणा रोडवेज बस ट्रक से जा भिड़ी जिससे उसमें सवार पुलिस कर्मियों सहित अन्य विभागों में कार्यरत 25 कर्मचारी घायल हो गए।
सड़क दुघर्टनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राहगीरों के सहयोग से उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया।
मारे गए लोगों के शवों को कब्जे में लेकर उनके घरवालों को घटना की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन की तरफ से उपमंडलाधीश परमजीत सिंह चहल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात 11 बजे के बाद जिले में हर तरफ घनी धुंध की सफेद चादर फैल गई थी। दृश्यता करीब 25 से 30 मीटर तक सिमट कर रह गई।
मंगलवार तड़के गुड़गांव से सिरसा आ रही हरियाणा रोडवेज की बस नेशनल हाईवे नौ स्थित पतली डाबर के पास पहुंची। धुंध के कारण बस चालक को सामने आ रहा ट्रक नहीं दिखा जिस कारण बस और ट्रैक की सामने-सामने टक्कर हो गई।
दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक व बस के परखच्चे उड़ गए और धमाके की आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। सड़क किनारे खेतों में रहने वाले ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे तो मंजर बहुत खौफजदा था।
बस व ट्रक चालक बुरी तरफ फंसे थे और बस की सवारियां बचाओ-बचाओ चिल्ला रही थीं। सूचना मिलते ही डिंग थाना प्रभारी अवतार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू कर दिया।
बस में करीब 40 सवारियां थी और अधिकतर यात्री सरकारी कर्मचारी थे जो सिरसा में विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं। बस को हिसार के लांदड़ी निवासी धर्मपाल चला रहा था।
घायलों को पुलिस की गाड़ी व एंबुलेंस के जरिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया गया। इमरजेंसी कक्ष में घायलों की संख्या देखकर सभी डॉक्टरों को बुलवाया लिया गया।
ये हैं घायलों में शामिल
बस में सवार पुलिस विभाग के एएसआई प्रकाश, एएसआई सूरजभान मामूली रूप से घायल हुए जबकि हैड कांस्टेबल राजवीर व सिपाही संदीप को उपचार के लिए रेफर किया गया है। घायलों में सरकारी स्कूल की प्राचार्या सुनीता, नगर परिषद में कार्यरत गोना रानी, उनके पति पेंशन विभाग में कार्यरत प्रवीण, पशु चिकित्सक बलदेव, मिल्क प्लांट में कार्यरत गुलशन, शिक्षा विभाग में कार्यरत सुभाष, आईटीआई में कार्यरत सतीश कुमार, बिजली विभाग में कार्यरत चंद्रभान के अलावा रानियां चुंगी निवासी संदीप, सोनू, जोगराज, पंजाब निवासी सीमा व संतोष, हांसी निवासी सुनील व संदीप, अलीकां निवासी हरदीप भी घायल हुए हैं। विभिन्न विभागों में कार्यरत ये कर्मचारी हिसार व फतेहाबाद से सिरसा में ड्यूटी पर आ रहे थे।
उपमंडलाधीश ने जाना हालचाल
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन की तरफ से उपमंडलाधीश परमजीत सिंह चहल घायलों का हालचाल जानने के लिए अस्पताल में पहुंचे। जब एंबुलेंस से घायलों को उतारा जा रहा था तो उपमंडलाधीश ने खुद उन्हें इमरजेंसी तक पहुंचाया। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. सूरजभान कंबोज को बुलाकर घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने को कहा। उन्होंने कहा कि ज्यादा प्रयास घायलों का यहीं पर उपचार करने का रहे और जो ज्यादा गंभीर है उसे रेफर किया जाए।