फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने महिला से की लूटपाट

Tue, 19 Apr 2016 01:48 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला सिरसा
विज्ञापन
लूट - फोटो : Bureau
विज्ञापन
बेखौफ लुटेरों ने बैंक से लौट रही महिला से दिन दहाड़े एक लाख रुपये लूट लिए। महिला अपने बेटे व बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थी। बाइक सवार लुटेरों ने गोशाला मोहल्ले में सीधा बाइक को टक्कर मारी और नीचे गिरी महिला के पास से रुपये छीनकर फरार हो गए। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों ने वारदात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी जिसके बाद जिलेभर में नाकेबंदी कर दी गई। शहर थाना प्रभारी सुभाष बिश्नोई व सीआईए प्रभारी राजाराम अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घायल महिला उसके पुत्र व बेटी के बयान दर्ज किए।
विज्ञापन


जानकारी के अनुसार गोशाला रोड स्थित श्री गोशाला में ओमप्रकाश नामक व्यक्ति काम करता है और सपरिवार काफी वर्षों से यहां पर ही रहता है। ओमप्रकाश की तीन बेटियां व एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी 22 अप्रैल को होने वाली है। उसकी पत्नी किताबो देवी सोमवार सुबह अपने पुत्र दीपक व बेटी बाला रानी के साथ हिसार रोड स्थित स्टेट बैंक गई थी। किताबो देवी ने बैंक से एक लाख रुपये निकलवाए। इसके बाद तीनों बाइक से वापस घर की तरफ चल दिए। गोशाला रोड पर लक्ष्मण कला केंद्र के पास दो बाइक सवारों ने सीधे उनकी बाइक में टक्कर मारी जिससे किताबो देवी व उसकी बेटी बाला रानी नीचे गिर गए।

एक बदमाश बाइक से तुरंत नीचे उतरा और किताबो देवी से रुपयों से भरा लिफाफा छीन लिया और दोनों लुटेरे फरार हो गए। किताबो देवी ने शोर मचाया लेकिन किसी भी राहगीर ने लुटेरों का पीछा करने की जहमत नहीं उठाई। लोगों ने वारदात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके दी जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने सिरसा के चारों तरफ नाकेबंदी करवा दी। सीआईए प्रभारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आए हुए थे। वीटी पर लूट का संदेश आते ही वे अपनी टीम के साथ मौके पर रवाना हो गए। घायल किताबो देवी को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया।
विज्ञापन


दिन रात मेहनत करके जोड़ी थी पाई-पाई
घटना से सहमी किताबो देवी ने बताया कि उसके पति ओम प्रकाश श्री गोशाला मेें गोवंश की सेवा करते हैं। सालों से दिन रात मेहनत करके उन्होंने अपनी बेटियों की शादी के लिए पाई-पाई जोड़ी। 22 अप्रैल को बेटी बाला देवी, रमन व वीना रानी की एकसाथ शादी तय हुई है। बेटियों की शादी के लिए बाजार से खरीददारी करने हेतु वह बैंक से रुपये निकलवाने गई थी। एक लाख रुपये निकलवाए और उसे लिफाफे में डालकर अपने पास रख लिया। घर के पास पहुंचने वाले ही थे कि तेजी से एक बाइक उनके बाइक से टकराई। हैलमेट पहने हुए दो युवक बाइक से उतरे। एक युवक ने उससे जोर जबरदस्ती करके रुपयों वाला लिफाफा छीन लिया और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। लगता है कि लुटेरों ने बैंक से ही उनका पीछा करना शुरू कर दिया था।

सुरक्षा प्रबंधों को दिखाया ठेंगा
अप्रैल महीने में फसल बेचने का सीजन शुरू हो जाता है और रोजाना सैकड़ों किसान सिरसा मंडी में अपनी फसल बेचकर रुपये लेेकर वापस लौटते हैं। ऐसे में दिन दहाड़े लूट की वारदात ने शहर में पुलिस के सुरक्षा प्रबंधों की पोल खोलकर रख दी है। फसल बेचकर जोने वाले किसानों के लिए यह खतरे की घंटी है। पिछले सीजन के दौरान भी अनाज मंडी में फसल बेचकर वापस जाने वाले कई किसानों के साथ लूटपाट की वारदात हो चुकी है। पुलिस प्रशासन कुछ दिन पहले दावा किया था कि उनकी तरफ से सुरक्षा के ठोस प्रबंध किए गए है लेकिन ठोस प्रबंधों को ठेंगा दिखाकर बदमाश आसानी से वारदात को अंजाम देकर चंपत हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास व गलियों मेें घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की वीडियो फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। कैमरों की क्वालिटी ठीक नहीं होने के कारण सड़क से होकर गुजरने वालों का चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा। शहर थाना प्रभारी सुभाष बिश्नोई ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरे पल्सर बाइक पर सवार थे। जिलेभर में नाकाबंदी की हुई है। पीड़ित महिला व उसकी बेटी का बयान लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिन गलियों से होकर लुटेरे फरार हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें