थाना शहर सिरसा पुलिस ने गश्त के दौरान सूचना के आधार पर भारत और इंग्लैंड के बीच कटक में खेले गए दूसरे एक दिवसीय मैच के दौरान क्रिकेट सट्टा लगाते दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 20 हजार की सट्टा राशि, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, चार्जर बरामद कर अभियोग दर्ज कर दिया है।
शहर थाना सिरसा के सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम वीरवार रात गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग राजपूताना मोहल्ला के एक घर में भारत-इंग्लैंड के बीच कटक में खेले जा रहे दूसरे एक दिवसीय मैच के दौरान मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे हैं।
सूचना पाकर पुलिस टीम ने दबिश देकर क्रिकेट मैच पर सट्टा चलाते दोनो लोगों को सामान समेत काबू कर लिया। पकड़े गए दोनाें आरोपियों की पहचान धीरज मदान, अमित कुमार निवासी राजपूताना मोहल्ला सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 20 हजार की सट्टा राशि, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, चार्जर बरामद कर अभियोग दर्ज कर दिया है। उधर, स्पेशल स्टाफ पुलिस ने रवि शंकर निवासी केलनिया को सट्टा खाईवाली करते 1270 की सट्टा राशि के साथ रानियां चुंगी क्षेत्र से काबू किया।
फतेहाबाद निवासी समेत दो पीओ गिरफ्तार
सिरसा। शहर थाना सिरसा पुलिस ने एक पीओ को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी सरबा राम उर्फ जसप्रीत निवासी म्योंदकलां फतेहाबाद के खिलाफ 12 जुलाई 2013 को शहर थाना सिरसा में अभियोग दर्ज हुआ था। अदालत से जमानत मिलने के बाद आरोपी हाजिर नहीं हुआ, जिस पर अदालत द्वारा 30 सितंबर 2015 को उसे पीओ घोषित किया गया।
आरोपी के खिलाफ शहर थाना सिरसा में अभियोग दर्ज किया गया है। वहीं शहर डबवाली पुलिस ने एक पीओ सुखपाल सिंह निवासी कुम्हारा पंजाब को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ डबवाली अदालत में शिकायत दर्ज हुई थी। इस संबंध में आरोपी को डबवाली अदालत ने 30 सितंबर 2016 को पीओ घोषित किया था। आरोपी के खिलाफ अदालत के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में शहर थाना डबवाली में एक और अभियोग दर्ज किया गया है।