मैं, गर्भवती आशा वर्कर नजमा अपनी पुलिसकर्मी बहन सलमा के साथ ऐसे गिरोह का पर्दाफाश करने निकली थी, जो कोख में लिंग जांच करके लाडो को मार देता है। मेरे साथ पति मुकेश खान भी थे। चैन नेटवर्क से धंधा चला रहे लोगों ने डबवाली पहुंचते ही पति मुकेश खान को अलग कर दिया।
धंधे में शामिल दो महिलाएं उन्हें ऑटो रिक्शा पर कालोनी रोड स्थित रेलवे फाटक पर ले आई। फाटक बंद था, ज्यादा ट्रैफिक के कारण मुझे घुटन महसूस हुई। ऑटो से बाहर निकलना चाहा, लेकिन उन्हें रोक लिया। एक महिला के हाथ में मेहंदी लगी हुई थी, वह बोली कि अगर तीन महिलाएं एक साथ बाहर निकलेंगी तो पकड़ी जाएंगी।
हो सकता है सीआईडी वाले पागल (बावले) बने यहीं कहीं पर हों। फाटक खुलते ही हमारा ऑटो आगे की ओर बढ़ा। इस बीच एक बार फिर फाटक बंद हो गया। हमें ट्रैक कर रही गाड़ियां वहीं फंस गईं। हम नेक काम के लिए निकले थे, अल्लाह सब देख रहा था। कुछ कागजात पर दनादन मेरे अंगूठे लगवाकर मुझे अल्ट्रासाउंड के लिए ले जाया गया।
डॉक्टर ने मुझे रिपोर्ट दे दी। इतनी देर में हमारी टीम आ गई। डॉक्टर पकड़ा गया। मिशन कामयाब हुआ, मुझे खुशी है। पति से अलग होने के बावजूद मैं बिल्कुल भी नर्वस नहीं हुई, बहन सलमा बनी पुलिसकर्मी ने सिरसा से चलते समय एक ही बात कही थी, आज हम बहुत नेक काम करने चले हैं।
मेरे बेटी तथा बेटा हुए थे, जो जन्म के कुछ देर बाद अल्लाह को प्यारे हो गए। इस बार नेक काम किया है, बेटा हो या बेटी कोई फर्क नहीं। अल्लाह तंदरूस्त औलाद दे। मुकेश खान असल में मेरे पति हैं। मिशन में सिर्फ उनका नाम बदला गया।
(गर्भवती आशा वर्कर (नजमा) द्वारा सुनाई गई आपबीती)
आधा किलोमीटर भागी टीम
फाटक पर ट्रैफिक में फंसने के बाद स्वास्थ्य विभाग, सीआईडी तथा सीआईए की टीम गाड़ियां छोड़कर ऑटो के पीछे भागीं। मिशन को कामयाब करने के लिए टीम करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ने के बाद मौके पर पहुंची और डॉक्टर को पकड़ लिया।
ढाई घंटे लगे टीम बनाने में
अक्सर पड़ोसी राज्यों में जाकर लिंग जांच केंद्रों का भंडाफोड़ करने वाली टीम खुद के इलाके में कम एक्टिव नजर आई। बिजेंद्र सिंह तथा उसका सहयोगी रामकुमार उर्फ राम ग्राहक को सुबह 8 बजे से लगातार कॉल कर रहा था। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित होने में ढाई घंटे का समय लग गया। करीब साढ़े 10 बजे टीमें सिरसा से रवाना हुई। अगर मामूली सी भनक लगती तो मिशन फेल हो जाना था।
200 केस करवा चुकी हूं
मिशन में नजमा की बहन सलमा का रोल अदा करने वाली महिला पुलिसकर्मी ने बताया कि जब टीम ने आरोपियों को पकड़ा तो एक महिला ने राज उगलते हुए कहा कि वह इससे पहले दो सौ केस करवा चुकी है।