कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष शिल्पा वर्मा पर बुधवार देर रात को एक महिला ने हमला कर दिया। हमले में शिल्पा वर्मा बुरी तरह घायल हो गई। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
अस्पताल में उपचाराधीन शिल्पा वर्मा ने बताया कि बुधवार रात को वह अपने गोबिंद नगर स्थित अपने निवास पर सोई हुई थी। देर रात को किसी ने दरवाजा खटखटाया। गेट खोला तो एक महिला ने सीधा उसपर हमला कर दिया। उक्त महिला ने घर में जमकर उत्पात मचाया और सारा सामान बिखेर दिया। आधे घंटे तक उक्त महिला उसे पीटती रही और बाद में फरार हो गई। शिल्पा वर्मा का कहना है कि उसने फोन करके परिचितों का घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया।
शिल्पा वर्मा ने बताया कि उसने सिरसा निवासी मनोहर सचदेवा के साथ पार्टनरशिप में व्यापार किया था। बाद में उसने अपनी पार्टनरशिप खत्म कर दी। शिल्पा का आरोप है कि जब उसने मनोहर सचदेवा से अपने रुपये मांगे तो उसने इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर मनोहर का परिवार उससे रंजिश रखने लगा।
हमलावर महिला मनोहर सचदेवा की पत्नी है। घटना की सूचना मिलने पर खैरपुर चौकी पुलिस घायल का बयान लेने सिविल अस्पताल पहुंची। चौकी प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि सुबह शिल्पा वर्मा बयान देने के काबिल नहीं थी इसलिए पुलिस शाम को बयान दर्ज करने गई हुई है। मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।