दीपावली पर जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। जिले का कार्यभार संभाल रही पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया की ओर से सभी थाना प्रभारियों को इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएसपी मुख्यालय जगदीश काजला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक की ओर से सभी थाना प्रभारियों को जारी निर्देश में कहा गया है कि वह अपने अपने क्षेत्र में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धर्मशाला, होटल, रेस्टारेंट, साइबर कैफे आदि सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाए तथा संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगाह रखें।
इसी के साथ अपने अपने क्षेत्रों में रहने वाले किरायेदारों की भी तस्दीक करें। डीएसपी ने बताया कि जिला पुलिस की उन स्थानों पर ज्यादा गश्त बढ़ाई गई है, जहां भीड़ ज्यादा होगी, ताकि किसी अप्रिय घटना घटित न हो।
उन्होंने बताया कि जिले के अंदर तथा दूसरे राज्यों के साथ लगती पंजाब और राजस्थान सीमा पर स्थापित किए गए नाकों पर विशेष चौकसी बरतने के पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देश दिए गए है तथा आने जाने वाले लोगों के वाहनों को बारीकी से चेक करने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि त्यौहार के अवसर पर शहर व कस्बों में लगने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस को जगह-जगह नाके लगाकर यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए है।
इस दौरान भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी और साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वह यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और बड़े वाहनों को लेकर शहर में प्रवेश न करें।