विवादित जमीन पर कब्जे की शिकायत दी
रानियां। नामधारी गुरुद्वारा समिति के प्रधान सुखदेव सिंह, महासचिव बलजीत सिंह और अन्य समिति सदस्यों ने रानियां थाना प्रभारी को शिकायत सौंपकर विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कर रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूबा बलजीत सिंह ने बताया कि विवादित भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच मामला हाईकोर्ट में है। माननीय हाईकोर्ट ने इस संबंध में विवादित भूमि पर यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया हैं। कोर्ट के आदेशों के बावजूद आरोपियों के द्वारा विवादित भूमि पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह निर्माण कार्य दिन-रात चल रहा है। सूबा बलजीत सिंह ने बताया कि मुरब्बा नं. 393 किला नं. 15 में 8 कनाल, और किला नंबर 14 में 4 कनाल, किला नं. 6 में आठ कनाल को लेकर विवाद है। न्यायालय में दर्ज किए गए मुकदमे में एडिशनल जज जिला सिरसा ने इस मुकदमे का फैसला हमारे हक में सुनाया। दूसरे पक्ष ने इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील कर दी। हाईकोर्ट ने 6 अगस्त को दिए गए अपने आदेशों पर विवादित भूमि/ स्थल पर यथा स्थिति बनाए रखने के आदेश दिए हैं। लेकिन हाईकोर्ट के आदेशों की परवाह न करते हुए वहां पर कुछ लोगों ने निर्माण कार्य शुरू कर रखा है। बलजीत सिंह ने बताया कि इस संबंध में हमने जीवननगर चौकी में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। चौकी प्रभारी ने मौके पर जाकर मुआयना तक नहीं किया। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को हमने फिर माननीय हाईकोर्ट के आदेशों की प्रतियां व अन्य जरूरी कागजात जीवनगर चौकी प्रभारी को दिखाए। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सूबा बलजीत सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही है और पुलिस में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक सिरसा व उपायुक्त सिरसा से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।