अवैध पिस्तौल समेत युवक गिरफ्तार
सिरसा। सीआईए डवबाली पुलिस ने गश्त के दौरान गांव खुइयां मलकाना क्षेत्र से एक व्यक्ति को अवैध पिस्तौल सहित काबू किया है। आरोपी की पहचान रोहित उर्फ मोनू निवासी दीवानखेड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ डबवाली सदर थाने में केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार सीआईए पुलिस रविवार रात गांव खुइयां मलकाना क्षेत्र में मौजूद थी। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 32 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। रोहित ने पुलिस को बताया कि वह ये पिस्तौल चीना बाबा से खरीदकर लाया है। चीना बाबा का डेरा डबवाली में है। जांच अधिकारी देवेंद्र कुमार का कहना है कि आरोपी रोहित व चीना बाबा के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। रोहित को सोमवार सुबह अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। चीना बाबा को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।