मेहूवाला हैड में मिला ऑटो चालक सुभाष का शव
ऐलनाबाद । सात दिन पहले बस स्टैंड से अपहरण किए गए ऑटो चालक सुभाष का शव भट्टू कलां के पास मेहूवाला हैड में मिला है। परिजनों द्वारा शव की पहचान करने के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । बता दें कि सुभाष का अपहरण कर हत्या करने की साजिश उकलाना वासी उसके दामाद सूरज ने अपने मित्रों के साथ रची थी । सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, उनके बताने के बाद चार दिनों से गोताखोर सुभाष का शव तलाश कर रहे थे।
थाना प्रभारी वीरेंद्र गिल ने बताया कि शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि भट्टूकलां के पास गांव मेहूवाला के हैड पर एक शव मिला है। पुलिस अधिकारी मृतक सुभाष के परिजनों को लेकर मौके पर पहुंचे और परिजनों ने शव की पहचान की । पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
दामाद ने दोस्तों के साथ रची थी साजिश
गत शनिवार को इनोवा गाड़ी सवार पांच लोगों ने ऑटो चालक सुभाष का अपहरण कर, हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उन्होंने शव को टोहाणा स्थित बलियाना भाखड़ा नहर में फेंक दिया था। पुलिस को जैसे ही ऑटो चालक के अपहरण की सूचना मिली, उन्होंने चारों तरफ नाकाबंदी कर दी , लेकिन अपहरणकर्ता भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने अपहरण में प्रयोग की गई गाड़ी इनोवा हिसार के पास सुनसान जगह से बरामद कर चालक संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में संदीप ने अपहरण व हत्या की बात स्वीकार कर ली । इसके बाद पुलिस ने हसीन उर्फ सीन, मंजीत और मृतक सुभाष के दामाद सूरज उकलाना के पास से गिरफ्तार कर लिया था।