डबवाली। वार्ड चार निवासी मंगत राम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर अस्पताल स्टाफ की लापरवाही व बधाई के नाम पर मचाई गई लूट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में मंगत राम ने बताया कि 19 जून को उसकी पत्नी पूजा रानी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और उसे प्रसव के लिए अलसुबह नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उस समय मौके पर महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थी। जिसके चलते स्टाफ नर्स रीना ने दो अन्य सहायिकाओं के मदद से सुबह चार बजे डिलीवरी करवाई। इस दौरान उन्हें बेहद परेशानी हुई। साथ ही उन्हें डिलीवरी के लिए पुराने कपड़े वगैरह भी घर से लाने के लिए मजबूर किया गया। उसकी पत्नी पूजा ने एक बेटी को जन्म दिया। प्रसव के तुरंत बाद ही नर्स अपने केबिन में चली गई। इस दौरान उसकी पत्नी को अचानक कपकपी शुरू हो गई। जब परिजनों ने नर्स को बुलाने के लिए कहा तो मौके पर मौजूद आशावर्कर रजनी ने कहा कि नर्स को बधाई देनी पड़ेगी, जिसके बाद ही वह दोबारा उसे संभालने के लिए आएगी। मंगत राम का आरोप है कि उसने अपनी भाभी रजनी बाला के द्वारा स्टॉफ नर्स व सहायिकाओं को कथित तौर पर 700 रुपये की राशि बधाई के तौर पर दी। जिसके बाद उन्होंने पूजा को संभाला। उसी दिन दोपहर 12 बजे उन्हें छुट्टी दे दी गई। आरोप है कि स्टाफ नर्स व सहायिकाओं ने डिलीवरी के दौरान सही देखभाल नहीं की और नवजात बच्ची के पेट में पानी चला गया, लेकिन अस्पताल ने इस पर कोई गौर नहीं किया। जिसके चलते बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसे अगले दिन एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ा।
शिकायतकर्ता वीरवार सुबह मेरे पास आए थे। मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
डॉ. एमके भादू एसएमओ,नागरिक अस्पताल डबवाली।