शराब ठेकेदार के कारिंदे पर फायरिंग करने के मामले में दो को प्रोडक्शन वारंट पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के गोहाना बाईपास पर शराब ठेकेदार के कारिंदे पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त गाड़ी बरामद की है।
मामले को लेकर 1 अप्रैल को सैनीपुरा निवासी धर्मबीर ने थाना शहर पुलिस को शिकायत दी थी कि चार हमलावरों ने उसके ठेके के बाहर आकर फायरिंग की है। पुलिस ने धर्मबीर के बयान पर मामला दर्ज कर लिया था। मामले की जांच सीआईए को दी गई थी। सीआईए में नियुक्त एएसआई सुनील की टीम ने कार्रवाई करते हुए इंडियन कालोनी निवासी हरदीप, चिटाना निवासी अनमोल, मूलरूप से बिधल फिलहाल मालवीय नगर निवासी चांद उर्फ चंदा बड़वासनी निवासी वरुण उर्फ चोचा, मूलरूप से गांव आसन फिलहाल इंडियन कालोनी निवासी सचिन उर्फ लांबा व कोट मोहल्ला निवासी सुमित उर्फ गोलू को काबू किया था। आरोपियों ने बताया था कि वह खुद शराब का ठेका लेना चाहते थे। अब कोर्ट कांपलेक्स पुलिस चौकी में नियुक्त एएसआई विपेंद्र ने मामलेे में आरोपी कुलदीप उर्फ सोनू व रोहित उर्फ टिन्नू को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी बरामद कर ली है।