अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली (सिरसा)।
स्थानीय मलोट जीटी रोड पर नवनिर्मित आरओबी के समीप स्थित एक शराब ठेका का शटर के ताले तोड़कर चोर हजारों रुपये की अंग्रेजी और देसी शराब तथा नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि शराब ठेका के दो कारिंदे भीतर सोते ही रह गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरे में पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है।
ठेका पर कार्यरत कारिंदे कमरे में भीतर सोते ही रह गए। उन्हें इस वारदात का पता सोमवार अल सुबह करीब पांच बजे लगा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना ठेका मैनेजर सर्वजीत सिंह मूल निवासी गांव संतपुरा तहसील संगरिया जिला हनुमानगढ़ (राज.) हाल निवासी मंडी डबवाली को दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और उसने चोरी की घटना गोल बाजार पुलिस चौकी को सूचित किया। बाद में एक लिखित शिकायत भी दर्ज करवाई। पुलिस को दी शिकायत में सर्वजीत सिंह ने बताया कि 48 पेटी देसी शराब मार्का माल्टा व खासा अनुमानित कीमत 33,600 तथा दो पेटी शराब अंग्रेजी अनुमानित कीमत 5700 रुपये के अलावा गल्ले में पड़ी 9450 रुपये की नकदी ले गए हैं। उसने बताया कि मुकेश कुमार तथा मोनू दोनों सेल्समैन भीतर सोये हुए थे, जबकि चोर किसी अज्ञात वाहन में उक्त पेटियां लाद कर ले गए। उसने गुहार लगाई है कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी शराब की पेटियां और नकदी बरामद करवाई जाए।
शिकायत मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शराब ठेके का मौका मुआयना कर जांच शुरू की। शहर थाना प्रभारी हवा सिंह ने बताया कि मालवा बाईपास रोड के सामने स्थित देसी और अंग्रेजी शराब के ठेके में चोरी हुई है। जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरी की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।