इनवर्टर की बैटरी फटने से दुकान में लगी आग, सामन जला
सिरसा। बेगू रोड स्थित एक कपड़े की दुकान में सोमवार दोपहर इनवर्टर की बैटरी फटने से आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार बेगू रोड निवासी हरीश अरोड़ा की बेगू रोड पर ही दस टेक्सटाइल के नाम से कपड़ों की दुकान है। दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक दुकान में रखी इनवर्टर की बैटरी फट गई, जिससे स्पार्किंग के कारण कपड़ों में आग लग गई। हरीश अरोड़ा का कहना है कि आग लगने के बाद वे दुकान से बाहर आ गए और घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने एक घंटे की मशक्त के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक हरीश अरोड़ा का कहना है कि आग लगने से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।