बंद मकान से नकदी और सोने की चेन चोरी
सिरसा। शहर के खन्ना कॉलोनी में स्थित एक बंद मकान से चोर ताले तोड़कर 20 हजार रुपये की नकदी व एक सोने की चेन चोरी कर ले गए। कुछ देर बाद पड़ोस के लोगों ने गेट के ताले टूटे देखकर मकान मालिक को सूचित किया। सूचना मिलने पर मकान मालिक मौके पर पहुंचा और अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया और तथ्य जुटाकर आगामी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को दी शिकायत में खन्ना कालोनी स्थित गली आदेश स्कूल वाली निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि 23 नवंबर को उसका परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था और वह किसी काम से सफीदों गया हुआ था। पीछे से चोरों ने मकान के ताले तोड़कर अलमारी में रखी करीब 20 हजार रुपए और एक सोने की चेन चुरा ली। पड़ोस के लोगों ने शनिवार को गेट के ताले टूटे देखकर उसे सूचित किया। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा और सामान संभाला तो नगदी व चेन गायब थे। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर तथ्य जुटाए। जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि सांय को चोरी की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर तथ्य जुटाए गए हैं। जल्द चोरों का सुराग लगा लिया जाएगा।