लॉरेंस बिश्नोई को पेशी पर पांच सितंबर को लाया जाएगा सिरसा
सिरसा। काले हिरण का शिकार करने पर सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को पुलिस सिरसा लाएगी। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने राजस्थान की भरतपुर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। लॉरेंस बिश्रोई ने दो सितंबर 2016 को सिरसा की डबवाली कोर्ट में पेश होने आए गैंगस्टर छोटू भाट पर अपने शूटरों से हमला करवाया था। लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ डबवाली शहर थाना में केस दर्ज है। पांच सितंबर को पुलिस उसे अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय में पेशी करेगी।
पुलिस के मुताबिक दो सितंबर 2016 को सिरसा जेल में कैद गैंगस्टर छोटू भाट की डबवाली कोर्ट में पेशी थी। कड़ी सुरक्षा में पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने लगी तो चार युवकों ने उसपर ताबड़ तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में छोटू भाट व पुलिस कर्मी दलबीर सिंह को गोली लगी, लेकिन दोनों की जान बच गई। हमलावर फायरिंग करके कार में सवार होकर हनुमानगढ़ सीमा में दाखिल हो गए। यहां पर राजस्थान पुलिस ने उनसे मुठभेड़ हो गई और पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अबोहर निवासी संदीप, प्रवीण उर्फ गोगी, गांव गंगा निवासी बलदेव सिंह, जैतो मंडी (फरीदकोट) निवासी गोबिंद ने पुलिस को बताया कि वे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के शूटर हैं। उसके कहने उन्होंने छोटू भाट को मारने के लिए उसपर डबवाली कोर्ट में हमला किया। हमले के समय लॉरेंस बिश्नोई पंजाब की अबोहर जेल में कैद था। बता दें कि लॉरेंस बिश्रोई पंजाब, हरियाणा व राजस्थान की सबसे खतरनाक गैंग में से एक का लीडर है। हैरानी की बात यह है कि जेल में रहकर भी वह गैंग को ऑपरेट करता रहता है। लग्जरियस लाइफस्टाइल जीने के लिए वह क्राइम की दुनिया में आया था। रिपोर्ट बताती है कि वह जेल में अमूमन विदेश सिम से वॉट्सएप के जरिए सारे कामों को अंजाम देता है। पांच अप्रैल 2018 में काले हिरण शिकार मामले में जोधपुर अदालत ने अभिनेता सलमान खान को पांच साल कैद की सजा सुनाई थी। इससे एक दिन पहले भरतपुर जेल में कैद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को जोधपुर जेल में जान से मरवाने की धमकी दी थी। जोधपुर जेल में लॉरेंस गैंग के 20 शूटर कैद होने के कारण जेल प्रशासन को सलमान की सुरक्षा बढ़ानी पड़ी।