राम किशन कालोनी में दो पक्षों में मारपीट, एक घायल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। राम किशन कालोनी में रविवार रात को दो पक्षों में जमकर डंडे व धारदार हथियार चले। इस दौरान एक युवक बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे कैंट सिविल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा जबकि दूसरे पक्ष के दंपति को मामूली चोटें आईं। एक पक्ष का आरोप था कि लव मैरिज करने पर दूसरा पक्ष नाराज था जिसको लेकर यह मारपीट हुई जबकि दूसरे पक्ष ने पहले पक्ष पर घर में घुसकर मारपीट के आरोप लगाए हैं। हाउसिंग बोर्ड चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल में भर्ती घायल राम किशन कालोनी निवासी 25 वर्षीय गौरव के सिर, गर्दन व शरीर पर चोटें लगी व उसे टांके भी लगाए गए। गौरव की मां मधुबाला, मामा धर्मेंद्र व अन्य ने बताया कि गौरव ने करीब डेढ़ वर्ष पहले राम किशन कालोनी की ही रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से ही कालोनी में रहने वाला राजेश व अन्य उससे रंजिश रखने लगे थे। उनका आरोप था कि रविवार रात गौरव काम खत्म करने के बाद घर लौट रहा था तो राजेश व अन्य ने उस पर हमला बोल दिया और उसे अपने घर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। मारपीट में गौरव को काफी चोंटे लगी।
वहीं 37 वर्षीय राजेश व अन्य ने इन आरोपों को खारिज किया है। राजेश ने बताया कि रात्रि को वह अपने घर में पत्नी शालिनी व मां के साथ खाना खा रहा था। करीब साढ़े दस बजे उसके घर में गौरव व करीब दस-पंद्रह लोग दाखिल हो गए। जिन्होंने उन पर हमला बोल दिया। उसने बताया कि इस दौरान वह और उसकी पत्नी घायल हो गए। राजेश ने बताया कि पूर्व में उसने गौरव के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी और तभी गौरव उससे रंजिश रखे हुए है। उधर, कालोनी में झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद मामला थमा। फिलहाल एक घायल की हालत ज्यादा खराब होने पर सोमवार उसके बयान नहीं हो सके हैं। चौकी पुलिस के अनुसार बयान होने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।