अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। जमीन खरीद-बेचने के सौदे में गांधी कॉलोनी निवासी हरजीत सिंह से धोखाधड़ी करने के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों पर 18 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। हरजीत सिंह ने पुलिस को बताया है कि आरोपी मुकेश कुमार की गांव मंगाला में कृषि भूमि है, जिसकी बिक्री का सौदा उसके साथ हुआ था। हरजीत ने 18 लाख रुपये साई के दे दिए। शेष राशि रजिस्ट्री के समय देने तय हुए, लेकिन आरोपी निर्धारित तारीख पर रजिस्ट्री करवाने नहीं पहुंचे। पड़ताल करने पर पता चला कि आरोपी ने दलाल व फर्जी गवाहों के साथ मिलकर सौदा हुई भूमि किसी अन्य को बेच डाली है और उसकी रजिस्ट्री भी करवा दी है। हरजीत का कहना है कि आरोपी न तो उसके रुपये लौटा रहे हैं और न ही भूमि की रजिस्ट्री उसके नाम कर रहे हैं। उल्टा उसे धमकी दी जा रही है। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश कुमार, भीमसेन, सुखविंद्र सिंह, कश्मीर चंद निवासियान गांव मंगाला, अनिल निवासी खारियां, जगतपाल निवासी खारियां, सुरेंद्र कुमार निवासी भट्टूकलां, बलबीर व मोहनलाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।