मोबाइल शॉप से मोबाइल और नगदी चोरी
ओढां। चोरों ने एक मोबाइल शॉप को निशाना बनाते हुए हजारों की नकदी व मोबाइल चोरी कर लिए। घटना की जानकारी दुकानदार को उसके साथी दुकानदारों ने सुबह दी। दुकानदार के मुताबिक चोर 10 हजार रुपये की नकदी, 19 पुराने, 3 नए मोबाइल, 30 चार्जर चोरी कर ले गए।
रॉयल मार्केट मेें सीपीआर मोबाइल शॉप के संचालक ओढां निवासी गुरप्रीत के अनुसार वीरवार रात्रि करीब 10 बजे वह शॉप बंद कर घर चला गया था। शुक्रवार सुबह उसके साथी दुकानदार ने उसे दुकान के ताले टूटे होने की सूचना दी। जब उसने मौके पर पहुंचकर देखा तो दुकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घटना की फुटेज रॉयल मार्केट में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। फुटेज में रात्रि 11 बजकर 23 मिनट पर 2 युवकों ने सबसे पहले मार्केट में लगी लाइट को पत्थर मारकर तोड़ा।, जिसके बाद उन्होंने मोबाइल शॉप के बाहर स्टैंड के लिए लगाए गए सरिये से ताले तोड़कर दुकान से मोबाइल और नकदी चोरी कर ली। एएसआई जय सिंह ने बताया कि दुकानदार सुरेन्द्र पाल की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।