हरियाणा के सिरसा में हेरोइन तस्करी के मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने दो तस्करों को दोषी करार दिया है। न्यायालय ने दोषियों की सजा का फैसला 22 जुलाई तक सुरक्षित रखा है। मामले के अनुसार 3 जनवरी 2016 को पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को रुकवाया। तलाशी लेने पर कार में से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान युवकों की पहचान जगसीर उर्फ डॉक्टर निवासी रोहिड़ा वाली व सलीम निवासी कंगनपुर सिरसा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को इस मामले का निपटारा करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश वाणी गोपाल शर्मा ने जगसीर व सलीम को दोषी करार दे दिया।