अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। सीआईए सिरसा ने गश्त व चेकिंग के दौरान कार सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 7 किलो 600 ग्राम डोडापोस्त व 300 ग्राम अफीम बरामद की है। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान कार चालक कर्ण सिंह उर्फ बबलू पुत्र रमेश कुमार व जगदीश राय पुत्र चिमन लाल निवासी यान वार्ड नंबर 13 रानियां के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपी आपस में दादा पोता है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना रानियां में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर दो अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीआईए सिरसा के उप निरीक्षक देसराज के नेतृत्व में पुलिस टीम वार्ड नंबर 13 रानियां में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार नामधारी वाली गली की तरफ से आती दिखाई दी। जिसको शक की बिनाह पर रुकवाने की कोशिश की तो कार सवार ने कार को बैक गियर में भगाने की कोशिश की। लेकिन गाड़ी गली में बंद हो गई । कार की पिछली सीट पर बैठे दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। लेकिन सीआईए टीम ने कार चालक कर्ण व उसके दादा जगदीश राय को कार सहित काबू कर लिया। कार की तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 300 ग्राम अफीम व 7 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। सीआईए सिरसा इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह की टीम ने गश्त व चेकिंग के दौरान बाइक सवार 2 व्यक्तियों से 7200 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए हैं। पकड़े गये आरोपियों की पहचान गुरलाल सिंह पुत्र वासी हरभजन सिंह वासी तलवाड़ा खुर्द व ओमप्रकाश पुत्र मनीराम वासी तलवाड़ा खुर्द के रूप में हुई है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर इस संबंध में सप्लायर समेत 3 लोगों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। सीआईए स्टाफ सिरसा के उप निरीक्षक देसराज के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव धोलपालिया से बेहरवाला की तरफ जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल सामने से आई। सीआईए टीम ने शक होने पर मोटरसाइकिल को रुकवाकर तलाशी ली तो दोनों के बीच में प्लास्टिक थैला दिखाई दिया। जिसको शक की बिनाह पर खोलकर चेक किया गया तो 26 डिब्बे नशीली गोलियां ट्रामाडोल की बरामद हुईं। गिनती करने पर 7200 गोलियां मिली। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।