अमर उजाला ब्यूरो
ओढां (सिरसा)।
गांव घुंकावाली में तैश में आए युवक ने अपने ही मामा की हत्या कर दी और शव को खेत में दबाकर फरार हो गया। मामले की सूचना पाकर पुलिस ने हत्यारोपी को काबू कर उसकी निशानदेही पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं डीएसपी की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस संबंध में पुलिस ने युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फतेहाबाद जिले के रतिया निवासी बावरिया समाज का रामदिया(21) अपने मामा प्रकाश(42) के साथ गांव घुंकावाली में खेतों की रखवाली के लिए आया हुआ था। मामा-भांजा दोनों घुंकावाली और बनवाला के मध्य इंद्र सिंह नामक व्यक्ति के खेत में बनें कोठे में रहते थे। दो मार्च को शाम सात बजे शराब कम-ज्यादा को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई, जिसके चलते तैश में आए रामदिया ने पशुओं की रखवाली के लिए रखी टोपीदार बंदूक से अपने मामा को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना को अंजाम देने के बाद रामदिया अपने गांव रतिया भाग गया। हत्यारोपी ने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी तो उन्होंने रतिया पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रतिया पुलिस ने ओढां पुलिस को मामले से अवगत करवाया। पुलिस ने रतिया पहुंचकर रामदिया को काबू कर लिया। सूचना पाकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार महेंद्र पाल, डीसएपी किशोरी लाल, सीन ऑफ क्राइम से डॉ. जोगिंद्र सिंह, सीएचसी ओढां के डॉ. विरेंद्र कुमार और थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने मौके पर पहुंचे।
हत्या कर दफना दिया शव
रामदिया और उसका मामा प्रकाश करीब तीन माह से घुंकावाली में रहकर किसानों की गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे थे। दोनों ने किसानों की करीब 400 एकड़ फसल रखवाली के तौर पर ली हुई थी। बताया जा रहा है कि मामा-भांजा दोनों शराब के नशे में रहते थे। घटना की शाम दो मार्च को रामदिया और प्रकाश ने इकट्ठे बैठकर शराब पी। दोनों बीच शराब की मात्रा को लेकर तकरार इतनी बढ़ गई कि नशे में धुत रामदिया ने मामा प्रकाश के पेट में गोली दाग दी। बाद में रामदिया ने कोठे के नजदीक गेहूं की फसल में गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया और वापस आकर कोठे में सो गया। दूसरे दिन तीन मार्च को आरोपी रतिया भाग गया और वहां जाकर अपने परिजनों को इस हत्याकांड के बारे में बताया। ओढां पुलिस ने आरोपी को रतिया से काबू कर लिया। इस हत्याकांड में दोनों के बीच शराब के नशे में तकरार का होना सामने आ रहा है।
तनिक भी अंदेशा नहीं था
उक्त दोनों व्यक्ति पहले साथ लगते ईंट भट्ठे पर रहते थे। उन्होंने मुझसे खेत में बने कमरे में रहने की अनुमति मांगी थी। वे दोनों करीब तीन माह से मेरे खेत में रह रहे थे। बीते शुक्रवार को जब मैं खेत में पहुंचा तो मैंने देखा कि कोठे के नजदीक गेहूं की फसल में मिट्टी उखाड़कर समतल की हुई थी और दोनों व्यक्ति खेत में नहीं थे। मैने सोचा कि उक्त लोगों ने नील गाय आदि मारकर दफनाई होगी। सुबह उनसे पूछेंगे। रामदिया और उसका मामा अकसर शराब के नशे में ही रहते थे। मुझे तनिक भी अंदेशा नहीं था कि रामदिया नशे में इतना बड़ा कदम उठा सकता है।
-इंद्र सिंह, खेत मालिक।
मृतक के भतीजे राम भक्त के बयान पर रामदिया के खिलाफ हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के बीच शराब के नशे में तकरार हुई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रामदिया ने पूछताछ में बताया है कि उसके पास जो टोपीदार बंदूक थी वो उसके पिता प्रताप सिंह के नाम है। जांच उपरांत प्रताप सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी का रिमांड मांगा जाएगा, ताकि इस हत्याकांड की असली वजह का पता लगाया जा सके।
-जगदीश जोशी, एसएचओ ओढां।