अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए सिरसा पुलिस ने दो युवकों को तीन किलो अफीम के शहर के बस स्टैंड क्षेत्र से काबू किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गये युवकों की पहचान नकुल व महेंद्र निवासी कुरीद जिला चतरा झारखंड के रूप में हुई है। पकड़े गये युवकों से अफीम सप्लायर के बारे मे नाम पता मालूम कर इस संबंध मे थाना सिविल लाईन सिरसा मे मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि सीआईए पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने गश्त व चेकिंग के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र से शक के बिनाह पर दोनों युवकों को काबू कर मौके पर उप पुलिस अधीक्षक सिरसा आर्यन चौधरी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। पकडे़ गए युवकों के कब्जे से 3 किलो अफीम बरामद हुई। पकड़े गये दोनों युवकों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और विस्तार से पूछताछ कर अफीम तस्करी के इस नेटवर्क से जुडे़ लोगों के बारे में भी जानकारी हासिल की जाएगी। बता दें कि झारखंड से अफीम तस्करी का यह दूसरा मामला सामने आया है। बीते रविवार को झारखंड के रहने वाले अनवर मियां से चंडीगढ़ नारकोटिक्स विभाग की टीम ने पांच किलोग्राम 700 ग्राम अफीम ओढ़ा बस स्टैंड से बरामद की थी।