अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
घर में चल रही परेशानियों की बात सुनकर एक व्यक्ति को पाखंड दिखाकर पाखंडी पंडित ने लाखों रुपये हड़प लिए। घर में देवी-देवताओं की नाराजगी दर्शाकर पीड़ित से पंडित पैसे एेंठता रहा। पंडित की मांग पूरी करने के लिए व्यक्ति ने ब्याज पर पैसे तक लिए, मगर पंडित की हरकतों पर शक होने पर पीड़ित ने पैसे देने से इंकार दिया और उसके खिलाफ सदर थाना सिरसा में शिकायत दी।
नेजाडेलाकलां निवासी गुरचेत सिंह ने बताया कि उसके घर में परेशानी चल रही थी और गांव का ही एक व्यक्ति पंडित है। घर में परेशानी होने के कारण उसका पिता जगजीत सिंह तथाकथित पंडित से मिला, तो उसनेे बताया कि तुम्हारे परिवार से गुरुनानक देव और गुरु गोबिंद सिंह महाराज नाराज है, जो बार-बार कष्ट देते हैं। परिवार को बचाने के लिए अगर उपाय नहीं किया, तो आपके परिवार की मृत्यु हो जाएगी। इसके बाद वह गुरचेत सिंह के पिता जगजीत सिंह से उपाय के नाम पर पैसे ऐंठता और दो-तीन सालों में 14-15 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पीड़ित व्यक्ति को जब पंडित की हरकतों पर शक हुआ, तो उसने सदर थाना सिरसा पुलिस को शिकायत दी। सोमवार को विभिन्न गांवों के प्रमुख लोग भी थाना पहुंचे और पंडित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ऐंठी गई राशि को वापस दिलाने की गुहार लगाई। इस मौके पर सरपंच जोगा सिंह, सरपंच गुरप्रीत सिंह, सरपंच प्रतिनिधि बूटा सिंह बाजीगर, पूर्व सरपंच कश्मीर सिंह, महेंद्र सिंह, सांझा सिंह, बचेतर सिंह, शमशेर सिंह, कश्मीर चंद, सुखचैन सिंह, दिलराज सिंह भी मौजूद रहे। इस बारे में एएसआई जगमीत सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत आई है और जांच की जा रही है। जांच उपरांत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।