सिरसा। जिला पुलिस ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण सिंह के नेतृत्व में जिले भर में बीती रात नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। एसपी डॉ. अरुण सिंह ने शहर थाना, सदर थाना, सिविल लाइन व बड़ागुड़ा, थाना ओढ़ां, थाना सदर डबवाली, थाना शहर डवबाली जाकर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को जांचा।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नाइट डोमिनेशन के दौरान तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे इस सर्च अभियान के दौरान जिले के अंदर तथा बाहर से प्रवेश करने वाले वाहनों तथा व्यक्तियों को बारीकी से चेक करें और संदिग्ध किस्म के ऱ्लोगों पर कड़ी निगाह रखें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला की सीमा के साथ लगते सीमावर्ती राज्यों पंजाब एवं राजस्थान सीमा पर स्थापित किए गए नाकों पर पूरी सतर्कता व चौकसी बरती जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समय समय पर नाइट डोमिनेशन एवं सर्च अभियान चलाने का मकसद अपराध व अपराधियों पर कारगर ढंग से अंकुश लगाने का हैं, ताकि किसी आपराधिक वारदात की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
वहीं बीती रात गश्त व चेकिंग के दौरान सदर डबवाली थाना पुलिस ने 12 किलोग्राम डोडापोस्त के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान अमरजीत कौर व सुखजीत कौर निवासी सुंदर नगर मंडी डबवाली के रूप में हुई है। महिलाओं को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें सिरसा जेल में भेजा गया है। एक अन्य घटना में रानियां थाना पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान सोमी निवासी वार्ड नंबर 4 रानियां को काबू कर उसके कब्जा से 140 नशीले प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए है। इस संबंध में रानियां थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी गई है। शहर थाना पुलिस ने संदीप निवासी सिरसा को सात बोतल देसी शराब के साथ जबकि महेंद्र निवासी पीर बस्ती सिरसा को 48 बोतल शराब के साथ काबू किया। शहर थाना पुलिस ने थेहड़ मोहल्ला निवासी रोहित को 12 बोतल देसी शराब के साथ जबकि जयमल निवासी शमशाबाद पट्टी सिरसा को 24 बोतल देसी शराब के साथ काबू किया। एक अन्य मामले में शहर थाना पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान थेहड़ मोहल्ला निवासी सतपाल को 48 बोतल देसी शराब के साथ, जबकि राजकुमार निवासी थेहड़ मोहल्ला को 7 बोतल देसी शराब के साथ काबू किया।