सिरसा। नगर परिषद ने सोमवार को शहर में पॉलिथीन के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई शुरू की। सीएसआई देवेंद्र बिश्रोई और सेनेटरी इंस्पेक्टर जोगिंद्र सिंह कर्मचारियों के साथ परशुराम चौक पर पहुंचे। टीम ने चौक में नरूला फ्रूट संचालक की दुकान के अंदर जांच की तो काफी मात्रा में पॉलिथीन मिला। टीम ने जब उसे इकट्ठा करना शुरू किया तो फ्रूट संचालकों के साथ उनकी बहस हो गई।
फ्रूट संचालकों ने कहा कि वे पॉलिथीन का प्रयोग नहीं कर रहे। दुकान में रखा जरूर था। लेकिन वे अब इसका प्रयोग नहीं कर रहे। सीएसआई ने कहा कि यदि प्रयोग नहीं हो रहा तो कोई बात नहीं। वे चालान नहीं काटेंगे। लेकिन पॉलिथीन उनके हवाले कर दें। इसी बात को लेकर फ्रूट संचालकों की सीएसआई और अन्य स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की हो गई। दुकान में करीब 13 किलो पॉलिथीन था। इसी बीच फ्रूट संचालक ने टोकरी में रखे पॉलिथीन को दुकान के बाहर रखे कारिंदे को थमा दिया। कारिंदा पॉलिथीन लेकर भाग गया।
एक कारिंदा पॉलिथीन लेकर वापस आया, फिर हंगामा
दुकान के दो कारिंदे पॉलिथीन लेकर रफूचक्कर हो गए। उनमें से एक का पीछा कर्मचारी बलवंत ने किया। हालांकि वह कारिंदा कुछ दूरी पर जाकर भय से वापस दुकान पर ही पॉलिथीन लेकर आ गया। इसी बीच कमरे से सीएसआई देवेंद्र बिश्नोई और सेनेटरी इंस्पेक्टर जोगिंद्र सिंह बाहर आ गए। सीएसआई ने कर्मचारियों को दोबारा से पॉलिथीन अपने कब्जे में लेने के आदेश दिए।
दुकानदार नहीं माना तो काटा चालान
जब नप टीम पॉलिथीन को कब्जे में लेने लगी तो फ्रूट दुकान संचालकों ने फिर उनके साथ धक्का-मुक्की की। दोनों पक्षों में काफी बहस हुई। जब दुकानदार काफी देर बाद भी नहीं माता तो सीएसआई ने चालान बुक मंगवा ली। उन्होंने 13 किलो पॉलिथीन का चालान काट दिया। लेकिन उन्होंने कहा कि वे चालान नहीं लेंगे। चाहे 100 किलो का काट दें। वे किसी से डरने वाले नहीं। कोर्ट में देखेंगे। नरूला फ्रूट संचालक की दुकान पर हंगामा होता देख कई लोग वहां पर पहुंच गए।
दुकानदार बोले मचा रखी है गुंडागर्दी
चालान काटने पर फ्रूट संचालकों ने सीएसआई से कहा कि आपने गुंडागर्दी मचाई हुई है। सीएसआई ने कहा कि एनजीटी के निर्देश हैं। आप लोग सरकार से पूछें कि क्यों चालान काटे जा रहे हैं। हमें अपना काम करने दें। इसके बाद सीएसआई ने नगर परिषद के ईओ और डीसी कार्यालय को पूरे मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसआई ने कार्यालय में आकर ईओ को पूरी घटना का ब्योरा दिया। ईओ ने थाना शहर में नरूला फ्रूट के संचालकों के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा उत्पन्न करने का मामला दर्ज करने के लिए शिकायत दी गई है।
नप की ओर से फ्रूट संचालकों के खिलाफ शिकायत आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- सुरजीत सहारण, पुलिस प्रवक्ता, सिरसा पुलिस