अमर उजाला ब्यूरो
ओढां। गांव बप्पां में चिट्टे का सेवन कर रहे एक युवक की लोगों ने छित्तर परेड कर दी। सूचना पाकर पहुंची बड़ागुढ़ा पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है। वहीं युवक से मारपीट करने व एक सरपंच और उसके साथी की भी वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई है। नशेड़ी युवक की पिटाई करके उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
दरअसल गांव बप्पां के नशे के खिलाफ जागरूक युवाओं को सूचना मिली थी कुछ युवक चिट्टा लेने जाएंगे। जिसके बाद युवाओं ने पीछा कर नहर के पास बैठकर चिट्टे का सेवन कर रहे युवक को काबू कर उसकी धुनाई शुरू कर दी। युवक से उसके साथियों के बारे में पूछा तो ढाबां के सरपंच व उसके साथ एक अन्य साथी पर संदेह होने पर युवाओं ने गाड़ी रोककर वीडियो बना ली। युवक से मारपीट करने व सरपंच के भी इस मामले में शामिल होने का संदेह जताते हुए युवाओं ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मामले की सूचना पाकर थाना प्रभारी अनिल सोढी तुरंत मौके पर पहुंचे। युवाओं ने चिट्टे के इंजेक्शन सहित युवक को बड़ागुढ़ा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ करते हुए उसके परिजनों को थाने में बुलाया। युवक की पहचान मिन्टू सिंह निवासी अलीकां के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवक ने बताया कि वह होमगार्ड में नौकरी करता है। उसकी ड्यूटी पन्नीवाला मोटा कॉलेज में है। युवक के मुताबिक वह नशे की लत में कुछ समय पूर्व ही पड़ा था।
बप्पां में युवाओं द्वारा नशा तस्कर पकड़ने की सूचना पाकर हम मौके पर गए थे। युवक के पास कोई नशा नहीं मिला, लेकिन उसने नशे का सेवन किया हुआ था। उसके पास से इंजेक्शन मिला है। युवक के परिजनों को मौके पर बुलाकर उसे नशा मुक्ति केन्द्र भेज दिया गया है। सरपंच से भी मामले बारे पूछताछ की जाएगी।
- अनिल सोढ़ी, थाना प्रभारी बड़ागुढ़ा
मैं तो गांव अलीकां में किसी काम से गया था। जब लोग अलीकां के युवक को पीट रहे थे तो उसी समय मैं भी वहां आ गया। लोगों ने मुझे बेवजह रोककर नशा करने का आरोप लगाकर झगड़ा करने की कोशिश की। मैं पहले नशा करता था। लेकिन अब मैंने पिछले काफी समय से नशा छोड़ रखा है। जिस युवक को लोगों ने पकड़ा है। उसके साथ मेरा कोई लेना-देना नहीं है।
- मोहित गर्ग, सरपंच ढाबां
फोटो: 35