एक लाख इनामी गुरलीन और विक्रम को अंबाला जेल से सिरसा लाई पुलिस
कोर्ट ने भेजा दो दिन के रिमांड पर, गोलो मौसी पहुंची जेल
सिरसा। पंचकूला हिंसा में शामिल एक लाख इनामी गुरलीन और विक्रम को अंबाला जेल से सिरसा पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर बुधवार दोपहर सिरसा लेकर आई। दोनों को आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस ने दो दिन का रिमांड हासिल किया है। गुरलीन को पंचकूला एसआईटी ने कुछ दिनों पहले डेरा सच्चा सौदा से गिरफ्तार किया था। उसके साथी विक्रम को कैथल से। उक्त दोनों अंबाला जेल में कैद हैं। सिरसा एसआईटी ने अदालत से दोनों का प्रोडक्शन वारंट हासिल करके उन्हें गिरफ्तार किया। गुरलीन और विक्रम से एसआईटी दो दिनों तक कड़ी पूछताछ कर डेरा में रची गई हिंसा की साजिश व इसे अंजाम देने वालों के संबंध में पूछताछ करेगी। वहीं, एक लाख इनामी गोलो मौसी को एसआईटी ने बुधवार दोपहर सीजेएम कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेज दिया है।