अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम को साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी करार दिए जाने के दिन 25 अगस्त को सिरसा में हुई हिंसा में शामिल रहे चार और उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में पुलिस 52 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वीरवार शाम को गिरफ्तार किए गए उपद्रवियों की पहचान सतीश निवासी तरकांवाली, सुरजीत निवासी सुखचैन कॉलोनी सिरसा, जीवन निवासी कल्याण कॉलोनी सिरसा व उसके पुत्र दीपक के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुक्रवार दोपहर चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी सतीश को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है जबकि सुरजीत, जीवन व उसके पुत्र दीपक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। तरकांवाली निवासी सतीश कुमार ने गांव बेगू के बिजली घर को आग लगाई थी। उसके साथ हजारों की संख्या में डेरा अनुयायी आग लगाने में शामिल थे जबकि सुरजीत सिंह वीटा मिल्क प्लांट को आग लगाने में शामिल था। जीवन व उसका बेटा दीपक ने बेगू रोड स्थित गत्ता मील के पास सुरक्षा बलों पर हमला किया था। 25 अगस्त को सिरसा में भड़की हिंसा में छह उपद्रवी सुरक्षा बलों की फायरिंग में मारे गए थे। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर हिंसा में शामिल रहे उपद्रवियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर रही है। गिरफ्तार किए गए उपद्रवियों को सिरसा जेल की बजाए हिसार सेंट्रल जेल भेजा जा रहा है।
हिंसा में शामिल रहे चार और उपद्रवी पुलिस के हत्थे चढ़े
पिता-पुत्र ने मिलकर किया था सुरक्षा बलों पर हमला
कोर्ट ने एक आरोपी को भेजा रिमांड में और तीन को भेजा जेल