बंदूक के बल पर प्याज कारोबारी से लूट
गाड़ी में सवार होकर प्याज खरीदने के बहाने आए थे लुटेरे, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
शक्कर मंदोरी के पास दो युवकों ने बंदूक के बल पर प्याज व्यापारी से लूटपाट की। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित व्यापारी का बयान लेकर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया।
राजस्थान के नोहर निवासी मकबूल रविवार को ट्रैक्टर ट्राली में प्याज लादकर चोपटा क्षेत्र में बेचने आया था। मकबूल का कहना है कि शक्कर मंदोरी पहुंचे तो दोपहर को धूप ज्यादा होने के कारण चालक विनोद ने सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे ट्रैक्टर रोक दिया। इसी दौरान एक गाड़ी में सवार होकर दो युवक शाहपुरिया की तरफ से आए। युवकों ने उनसे दो बोरी प्याज मांगे। मकबूल का कहना है कि उसने दो बोरी प्याज गाड़ी में लाद दिए। इसके बाद युवकों से प्याज की कीमत 1200 रुपये मांगी तो एक युवक ने गाड़ी से बंदूक निकाली और बोल कि तू हमारे से रुपये मांग रहा है, अब जान प्यारी है तो जितना भी रुपया जेब में पड़ा है हमारे हवाले कर दे। मौत के डर से मकबूल ने जेब मेें पडे़ 5200 रुपये युवकों को थमा दिए। इसके बाद दोनों युवक गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर चौपटा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एसआई सुभाष चंद का कहना है कि मकबूल के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।