शराब पीने के दौरान दो युवकों में हुआ विवाद, चलाई गोली
सिरसा। डबवाली रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में वीरवार को शराब पीने के दौरान दो युवकों में से एक ने पिस्तौल से गोली चला दी जो रिसेप्शन पर बैठी युवती के पास से निकली। घटना के बाद दोनों युवक फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में कार्यरत कर्मी देवीलाल को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में कार्यरत एक युवक दूसरे अस्पताल में कार्यरत अपने दो दोस्तों के साथ कमरे में शराब पी रहा था। इस दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया और एक युवक ने पिस्तौल से गोली चला दी।
पुलिस पूछताछ में देवीलाल ने बताया कि दोपहर को उसके दो दोस्त उसके पास आए थे। वे दोनों भी एक प्राइवेट अस्पताल में काम करते हैं। तीनों अस्पताल में ही एक कमरे में शराब पीने लगे। देवीलाल ने पुलिस को बताया कि शराब पीकर वह तो सो गया था। शाम करीब सवा छह बजे उसके दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक दोस्त ने गोली चला दी। गोली रिसेप्शन पर बैठी युवती के बिलकुल पास से गुजरी और दीवार में जा लगी। डीएसपी रविंद्र सिंवर का कहना है कि डबवाली रोड स्थित एक अस्पताल में गोली चली है। पुलिस ने अस्पताल में कार्यरत एक कर्मी से पूछताछ कर रही है। कर्मी का कहना है कि वह अपने दो दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अभी तक किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।