रोडवेज की बस रोककर सरेराह गुंडागर्दी, युवक से मारपीट
फे सबुक पर गीत डालने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित पक्ष ने की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
ओढां।
थाना क्षेत्र के गांव घुंकावाली में कुछ शरारती तत्वों की गुंडागर्दी सामने आई है। आरोपियों ने हरियाणा रोडवेज की बस को मोटरसाइकिल लगाकर रोक लिया और अंदर दाखिल होते हुए एक युवक की पिटाई की। घायल हुए युवक का उपचार जारी है। इस संबंध में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस मामले को लेकर पीड़ित पक्ष के लोगों ने थाना प्रभारी और जीएम से मिलकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित युवक नुहियांवाली निवासी अर्जुन ने बताया कि वह सिरसा में म्यूजिक की पढ़ाई करता है। क्लास लगाने के बाद वह दोपहर रोडवेज बस में सवार होकर आ रहा था कि घुंकावाली नहर पुल पर एक युवक ने मोटरसाइकिल आगे लगाकर बस को रुकवा लिया। बस रुकते ही अन्य युवक बस में दाखिल हो गए और आते ही उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि उक्त युवकों में से कुछ के चेहरे ढके हुए थे और लाठी-डंडों से लैस थे। आरोपी लोग युवक को नीचे उतारने लगे लेकिन एक महिला ने युवक के ऊपर गिरकर उसकी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। इस मारपीट में घायल हुए युवक को नागरिक अस्पताल में भर्ती क राया गया। घायल युवक के अनुसार वह म्यूजिक का कोर्स करने के साथ-साथ गायकी करता है और वह अपने कुछ गीत फेसबुक पर डालता रहता है। इसी बात से आरोपी खफा बताए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी व जीएम से मिला पीड़ित पक्ष
इस मामले को लेकर पीड़ित पक्ष के लोग थाना प्रभारी जगदीश जोशी से मिले। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि घुंकावाली के उक्त युवकों की सरेआम गुंडागर्दी के बाद गांव के विद्यार्थियों में भय का माहौल है। थाना प्रभारी ने पीड़ित पक्ष को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मामले में पुलिस अपना काम कर रही है। थाना प्रभारी से मिलने उपरान्त उक्त लोग रोडवेज जीएम से मिलने के लिए रवाना हुए। थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।