चोरों ने मकान से चुराई नकदी और जेवरात
सिरसा।। बेगू रोड स्थित ग्रेवाल बस्ती में चोरों ने एक मकान से 85 हजार की नकदी व जेवरात चुरा लिए। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्रेवाल बस्ती निवासी भारत भूषण रेहड़ी पर समोसे बेचता है। भारत भूषण का कहना है कि शनिवार रात को पड़ोस में ही रहने वाले उसके छोटे भाई राकेश की तबीयत खराब हो गई थी। भाई को उपचार के लिए वह अस्पताल ले गया। रविवार सुबह वह घर पहुंचा तो कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमरे की अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें से 85 हजार रुपये की नकदी व जेवरात नदारद मिले। इसके बाद घटना की सूचना कीर्ति नगर चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस ने भारत भूषण की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, शनिवार रात खन्ना कॉलोनी निवासी गुलशन चावला के घर में भी चोरी हो गई। घटना के समय गुलशन चावला फरीदाबाद में थे। रविवार सुबह पड़ोसियों ने उनके घर के गेट का ताला टूटा देखा और उसकी सूचना उन्हें दी। बस अड्डा चौकी पुलिस का कहना है कि मकान मालिक गुलशन चावला रात तक सिरसा पहुंचेंगे। इसके बाद ही पता चल पाएगा कि चोर मकान से क्या? चुराकर ले गए हैं।