मार्बल मिस्त्री और उसके साथी से मारपीट कर छीनी बैग और नकदी
सिरसा। पुराना बस स्टेंड रोड पर बुधवार की अलसुबह अपने साथी को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे बाइक सवार मार्बल मिस्त्री व उसके साथी से पांच नकाबपोश युवकों ने नकदी व बैग छीन लिया। हालांकि दोनों ने काफी शोर भी मचाया, लेकिन सुबह का वक्त होने के कारण आरोपी भागने में कामयाब हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस की पीसीआर गाड़ी ने स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस को दी शिकायत में मूल रूप से गांव हंटागंज, जिला चतरा झारखंड निवासी कमलेश दास ने बताया कि वह मार्बल मिस्त्री है और पिछले कुछ समय से रानियां रोड पर गांधी आश्रम वाली गली में किराए के मकान में रह रहा है। सुबह उसके साथी शंकर को ट्रेन से गांव जाना था। करीब ढाई बजे वह उसे बाइक पर रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। पुराना बस स्टेंड रोड पर स्थित जाट धर्मशाला के निकट जब वे पहुंचे तो वहां दो युवक बाइक लिए खड़े थे। युवकों ने उन्हें देखते ही बाइक पीछे लगाकर रूकवा ली। इसके बाद तीन अन्य युवक आ गए। जिन्होंने मुंह कपड़े से ढांपे हुए थे। पांचों ने पहले उनसे मारपीट की। इसके बाद उससे बैग छीन लिया। बैग में दो मोबाइल व 13 हजार की नगदी थी। जब उसके साथी ने विरोध किया तो उससे भी पर्स व मोबाइल छीन लिया। हालांकि उन्होंने शोर भी मचाया। लेकिन सुबह का वक्त होने के कारण आवगमन कम था। जिसके कारण आरोपी भागने में कामयाब हो गए। जांच अधिकारी मोहनलाल ने बताया कि कमलेश दास ने बैग, मोबाइल व रुपए छीनने की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। रोड पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही युवकों का सुराग लगा लिया जाएगा।
पूर्व की घटनाओं का नहीं लगा अभी तक सुराग:
बता दें कि इससे पूर्व भी शहर में 7 सितंबर से लेकर अब तक लूट व छीना झपटी की एक दर्जन से अधिक वारदातें हो चुकी हैं। इन वारदातों में अधिकतर वारदातों को अलसुबह के वक्त ही अंजाम दिया गया है। लगातार हो रही घटनाएं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। लोगों में भी एक के बाद एक हो रही घटनाओं को लेकर रोष देखा जा रहा है।