जमीन बेचने पर नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोपी दबोचा
डबवाली। शहर के वार्ड 3 निवासी अनिरुद्ध गुप्ता के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पंजाब पुलिस ने डबवाली के गांव अलीकां क्षेत्र में छापामारी कर निरंजन सिंह नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। संगत मंडी पुलिस द्वारा दर्ज किए इस मामले में दो महिलाओं सहित चार अन्य आरोपी अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि डबवाली के समीपवर्ती पंजाब के गांव पथराला में रहने वाले कुछ लोगों ने अनिरुद्ध गुप्ता के साथ करीब 10 माह पूर्व जमीन बेचने पर नाम पर धोखाधड़ी की थी। आरोपियों ने योजना बनाकर गांव में बठिंडा रोड के साथ सटी 22 कनाल 14 मरले जमीन अनिरुद्ध को एक दलाल की मार्फत बेच दी। नवंबर 2017 में इस जमीन का सौदा 33 लाख प्रति एकड़ के हिसाब से हुआ और इकरारनामा लिख दिया गया। इस एवज में अनिरुद्ध ने आरोपियों को एडवांस राशि भी दे दी। इसके बाद जब रजिस्ट्री की निर्धारित तारीख नजदीक आई तो आरोपियों ने बहानेबाजी करते हुए तारीख को आगे बढ़वा लिया। रजिस्ट्री की तारीख कई बार तारीख आगे बढ़ाई गई। इस दौरान कुल 25.50 लाख रुपये की राशि उससे एडवांस के तौर पर ऐंठ ली। आखिरी बार रजिस्ट्री की तारीख जब 25 मई 2018 थी तो जमीन के मालिकों में से एक ने कुल 22 कनाल 14 मरले जमीन में से करीब 2 कनाल जमीन कुलदीप कौर नामक महिला को बेचते हुए 16 मई 2018 को ही रजिस्ट्री उसके नाम करवा दी। जब तय समय पर अनिरुद्ध 25 मई को जमीन की रजिस्ट्री करवाने पहुंचा तो उसे 2 कनाल जमीन की रजिस्ट्री कुलदीप कौर नामक महिला के नाम करवाने की बात पता चली। उसने जब पूछताछ की तो उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। अनिरुद्ध ने बाद में पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके साथ हुई धोखाधड़ी में गांव पथराला निवासी सुखमंद्र सिंह, उसकी पत्नी निंद्र पाल, सुखमंद्र की बहन कुलदीप कौर व सुखमंद्र का ससुर निरंजन सिंह, निवासी शिव नगर, डबवाली के अलावा पथराला गांव का नंबरदार गुरजंट सिंह भी शामिल है। शिकायत के आधार पर जब पुलिस ने तफ्तीश की तो धोखाधड़ी के इस मामले की सारी परतें खुल गई। तफ्तीश व पूछताछ की लंबी प्रक्रिया के बाद आखिरकर संगत पुलिस ने अनिरुद्ध गुप्ता की शिकायत पर उपरोक्त पांचों आरोपियों पर 16 सितंबर को विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।
कोट्स:
-निरंजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य चार आरोपियों की तलाश की जा रही है। सभी शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
-गुरजंट सिंह, एएसआई संगत मंडी, पंजाब पुलिस।