गांव जमाल में शराब के नशे में झगड़े होने के बाद बीती रात पानीपत के मजदूर सतबीर (50) की उसके साथी ने ही कस्सी से वारकर हत्या कर दी। चोपटा थाना पुलिस ने हत्यारोपी फूल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फूल सिंह ने 10 दिन पहले ही सतबीर को काम दिलाने के लिए अपने पास बुलाया था।
जानकारी के अनुसार गांव जमाल में पानीपत जिले से सतबीर सिंह और हिसार से फूल सिंह जमाल के ओमप्रकाश के पास दिहाड़ी करने के लिए आए थे और पशुबाड़े में ही रह रहे थे। वीरवार रात को ओमप्रकाश के पशुबाड़े में दोनों ने शराब पी और इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। तभी फूल सिंह ने सतबीर पर कस्सी से वार कर उसकी हत्या कर दी। सुबह फूल सिंह ने ओमप्रकाश को मामले की जानकारी दी और पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने नोहरे से सतबीर के शव को कब्जे में ले लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सतबीर के परिजनों के बयान पर फूल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
10 दिन पहले ही सतबीर सिंह आया था जमाल
फूल सिंह ने 10 दिन पहले ही सतबीर को काम दिलाने के लिए जमाल में अपने पास बुलाया था। शराब पीने के बाद दोनों में कहासुनी हो गई और फूल सिंह ने सतबीर पर कस्सी से हमला कर दिया। वहीं ओमप्रकाश ने बताया कि सतबीर सिंह पानीपत में अपनी बेटी के पास रहता था और फूल सिंह का जानकार था। जिसके कारण उन्होंने भी उसके बारे में अधिक जानकारी नहीं ली थी।
हत्या मामले में फूल सिंह को हिरासत में ले लिया है। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। सतबीर सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवा उसके परिजनों को सौंप दिया है।
- सत्यवान, थाना प्रभारी चोपटा।