जलघर की टंकी (डिग्गी) में डूबने से बालक की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बालक डिग्गी में गई गेंद को निकालने के लिए गया था, तभी पैर फिसलने से वह डिग्गी के गहरे पानी में डूब गया।
जानकारी के मुताबिक पानीपत निवासी सत्यदेव बिजली विभाग के कर्मचारी हैं और सिरसा में तैनाती के चलते वह परिवार के साथ गांव पंजुआना में रहते हैं। सोमवार को सत्यदेव का बेटा देवांश (12) जल घर के निकट खेल रहा था। इसी दौरान उसकी गेंद जल घर में बनी पानी की डिग्गी में गिर गई। जब देवांश गेंद निकालने के लिए जल घर में गया तो गेंद निकालते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे कि वह गहरे पानी में डूब गया। परिजनों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मासूम को बाहर निकाला लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। सूचना पाकर थाना प्रभारी सुमित कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस संबंध में पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर इत्तेफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज की है।